फौज का राजनीतिकरण न करे भाजपा, कांग्रेस ने भी पाकिस्तान को तीन बार पटका है: किरण

3/18/2019 8:20:15 PM

भिवानी(अशोक): कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर फौज का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए ऐसा न करने की अपील की है।  किरण चौधरी ने कहा कि देश की सेना समूचे देश की रक्षा करती है और देश के लिए ही लड़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में सेना ने तीन बार पाकिस्तान को जबरदस्त पटकनी दी है और कई बार सर्जिकल स्ट्राईक की है।

उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं एक फौजी परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उनके पिता सेवा निवृत ब्रिगेडियर थे, जिन्होंने तीन-तीन लड़ाई लड़ी हैं और युद्ध में जख्मी हुए थे। इसलिए उन्हें फौज के शोर्य और त्याग की भली भांति पहचान है, इस सब के बावजूद कांग्रेस पार्टी ने या फिर उन्होंने सेना के नाम पर राजनीति नहीं की। उन्होंने कहा कि बड़े अफसोस की बात है कि भाजपाई फौज का राजनीतिकरण करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भाजपाईयों को सलाह दी कि फौज का राजनीतिकरण करने के बजाए अपने पांच साल के कार्यकाल में किए गए कार्यों व जुमलेबाजी के दम पर मैदान में आएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने पांच साल के कार्यकाल में जनता को लेकर छलने का काम किया है और अब एक बार फिर से फौज के नाम पर छलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने से पहले बड़े बड़े वादे किए थे, लेकिन धरातल पर एक भी वायदा पूरा नहीं किया है। बीजेपी सरकार ने केवल जातिपाति का इंजेक्शन लगाने काम किया, रोजगार मामले में भी युवाओं के साथ धोखा किया गया है।

Shivam