ठगा हुआ महसूस कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता, आदमपुर में एकतरफा हुआ उम्मीदवार का चयन : किरण चौधरी

10/13/2022 10:35:28 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात कर रही कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने कहा कि उनकी इस यात्रा में बंसीलाल जी के समर्थक भी उनसे आकर मिलते हैं। किरण ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आज अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं के मन की बात जानकर उन्हें उचित मान सम्मान दिलाने का काम किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर से आदमपुर के लिए उम्मीदवार के रूप में जयप्रकाश का चयन करने में पार्टी की पॉलिसी को अनदेखा करने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि इस बार प्रत्याशी का चयन एकतरफा रहा है।

 

कार्यकर्ताओं के मन की बात जानने की कोशिश कर रही किरण चौधरी

 

किरण चौधरी ने कहा है कि पार्टी के उपेक्षित समर्पित कार्यकर्ताओं की आवाज बनकर, उन्हें उचित मान सम्मान दिलाने के लिए वे  प्रदेश में भ्रमण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वे अब तक भिवानी, महेंद्रगढ़, दादरी, करनाल, फरीदाबाद और जींद  जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं के संग मुलाकात कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उनका यह प्रदेश भ्रमण कांग्रेस पार्टी की राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा से  प्रेरित है, जिसमें देश और युवाओं का भविष्य राहुल गांधी लोगों से मिलकर उनकी कठिनाइयों और दुख दर्द जानने का कार्य कर रहे हैं।

 

पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष पर बिना बोले किया हमला

 

इस दौरान किरण ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर टिप्पणी किए बिना आदमपुर में उम्मीदवार का चयन करने के लिए अपनाई गई योजना पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कही कि पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहे फूलचंद मुलाना, कुमारी शैलजा, डॉक्टर अशोक तंवर सहित सभी नेताओं द्वारा चुनाव से पहले पार्टी के आला नेताओं से सलाह मशवरा किया जाता था। वहीं आदमपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा चुनावी मैदान में उतारे जाने वाले किसी भी प्रत्याशी के बारे में कोई चर्चा नहीं की गई। यही नहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने वाले उदय भान से मिलने के लिए वे एक बार घर भी जा चुकी हैं, लेकिन उन्होंने भी आज तक उनके साथ किसी प्रकार का कोई संवाद नहीं किया।

 

रैलियों से नहीं बनती बात, लोगों से संवाद करने की है जरूरत: किरण

 

किरण चौधरी ने कहा कि लोगों के बीच जाकर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह किस प्रकार से मूलभूत सुविधाएं से वंचित हैं। प्रदेश की जनता बेरोजगारी, महंगाई व भ्रष्टाचार जैसी परेशानियां झेल रही है। इसके अलावा उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा की जाने वाली बड़ी-बड़ी रैलियों को लेकर भी बेबाक टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा करने से कार्यकर्ताओं को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ढोया जा सकता है, लेकिन उनके मन की बात नहीं जान सकते। उसके लिए सबसे उत्तम और सरल तरीका उनके बीच में जाकर उनकी बात सुनने का है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Gourav Chouhan