जानिए भाजपा को कब मिलेगा नया प्रदेशाध्यक्ष, 7 दिसंबर को होगी बड़ी बैठक

12/4/2019 10:27:53 PM

चंडीगढ़ (धरणी): भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक चुनाव का बिगुल बज गया है। वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला की जगह नए चेहरे की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी होनी है। बराला 2014 से अध्यक्ष पद संभाल रहे हैं। 2020 में वैसे भी उनके दो कार्यकाल पूरे हो जाएंगे। लगातार तीसरी बार भाजपा में प्रदेशाध्यक्ष पद सौंपने का चलन नहीं है। ऐसे में तय है कि भाजपा की कमान नए चेहरे के हाथ में होगी और हरियाणा भाजपा को फरवरी 2020 में नया प्रदेशाध्यक्ष मिल जाएगा। 

इसके लिए संगठनात्मक चुनाव को सिरे चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक चुनाव से अध्यक्ष का चयन होगा। पहले बूथ अध्यक्ष चुने जाएंगे। बूथ अध्यक्ष ही मंडल अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। मंडल अध्यक्ष पर जिलाध्यक्ष चुनने का जिम्मा रहेगा। जिलाध्यक्ष ही प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव करेंगे। इस प्रक्रिया को सिरे चढ़ाने के लिए भाजपा ने प्रदेश चुनाव प्रमुख व सह प्रमुख के बाद अब जिला चुनाव व सह चुनाव अधिकारियों की भी नियुक्ति कर दी है।

पहली बैठक 7 दिसंबर को
इनकी पहली बैठक सात दिसंबर को रोहतक में होगी। इसमें जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी भी बुलाए गए हैं। जिला चुनाव व सह चुनाव अधिकारियों की सूची प्रदेश चुनाव प्रमुख श्रीनिवास गोयल व सह प्रमुख जंग बहादुर चौहान की ओर से जारी की गई है।

Shivam