कोराेना संकट: हरियाणा में 37 मिनट में मिल रहा एक मरीज, आंकड़ा पहुंचा 600 के करीब, 5 लोगों की मौत

5/7/2020 1:32:24 PM

चंडीगढ़(धरणी)- हरियाणा प्रदेश में कोराना का हमला बढ़ता ही जा रहा है। 24 घंटे में 45 नए केस सामने आए हैं। इनमें 18 गुड़गांव के हैं। यहां संक्रमितों का आंकड़ा 104 पर पहुंच गया है। झज्जर में 6, करनाल में 5, अम्बाला-जींद में 4-4, सोनीपत व पानीपत में 3-3, फरीदाबाद में दो नए केस मिले हैं। पिछले एक सप्ताह से राज्य में हर 37 मिनट में एक मरीज मिल रहा है। सात दिनों में 275 नए मामले सामने आ चुके हैं।

रिकवरी रेट भी 70 की बजाए अब करीब 43 प्रतिशत पर आ गया। इस वक्त कुल एक्टिव मामले 331 हैं। सात दिनों में पांच लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है। अब तक कुल आठ लोगों की जान जा चुकी है। बुधवार को आई रिपोर्ट में पानीपत का युवक पॉजिटिव मिला, जबकि उसकी मंगलवार को ही मौत हाे चुकी थी। वह दिल्ली से लौटा था। प्रदेश में 10 दिन में अब मरीज डबल हो रहे हैं। सरकार की ओर से टेस्टिंग बढ़ाते ही संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़ने लगा है। राज्य में इस वक्त प्रति मिलियन 1707 लोगों की कोरोना की जांच की जा रही है। गुड़गांव में चार मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में अब तक 260 मरीज ठीक हुए हैं। कुल मरीजों की संख्या 599 हो चुकी हैं।

1784 की रिपोर्ट निगेटिव
राज्य में 2351 व संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए है। 1784 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 393 लोगों का सर्विलांस का समय पूरा हुआ। जबकि 46 लोग नए सर्विलांस पर आए हैं।

आज तक की स्थिति
21667 का हो चुका सर्विलांस का समय पूरा।
15740 लोग अभी भी हैं सर्विलांस पर।
43279 लोगों के लिए गए हैं सैंपल।
38590 सैंपल आ चुके हैं निगेटिव।
4095 की रिपोर्ट का अभी है इंतजार।

स्वास्थ्य मंत्री बोले-जनता का भरोसा नहीं टूटने देंगे
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बुधवार को वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने उनके काम की प्रशंसा करते हुए प्रोत्साहित भी किया। कहा कि प्रदेश की जनता का जो भरोसा हम पर है, उसे टूटने नहीं देंगे और कोरोना से इस जंग को हम जरूर जीतेंगे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की लड़ाई लड़ रहे सभी कर्मचारियों की जांच कराई जाए।

Isha