कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की नकली DMC बनाने वाला गिरोह काबू

11/3/2017 4:04:22 PM

कुरुक्षेत्र(रणदीप रोड): हरियाणा के ऐ ग्रेड विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की नकली डीएमसी बनाने वाले गिरोह क्राईम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पिछले लम्बे समय से नकली डीएमसी बनाने का गोरखधंधा चल रहा है। जब इसकी भनक कुरुक्षेत्र क्राईम ब्रांच को लगी तो पुलिस ने एक टीम गठित कर इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही भारी मात्रा फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए हैं जो जाली डीएमसी बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे।



पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों का सम्बन्ध कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से रहा है। जिनमें से एक शख्स दो साल पहले आऊटसोर्सिंग पर विश्वविद्यालय में कार्यरत था, जिसके कारण उसे विश्वविद्यालय की गोपनीय गतिविधियों की जानकारी हो गई थी। जबकि दूसरा शख्स विश्वविद्यालय का पक्का कर्मचारी था, जिसे सस्पेंड कर दिया गया था। इन दोनों ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की नकली डीएमसी बनाकर काफी कमाई की है। फिलहाल, पुलिस उन नकली डीएमसी धारकों की तलाश में है, जिन्होंने पैसों के बलबूते डीएमसी हासिल की है। पुलिस विश्वविद्यालय के उन कर्मचारियों की भी तलाश कर रही है जो इस गिरोह के सम्पर्क में मिल कर काम करते थे।