प्रदेशाध्यक्ष के बदलाव की चर्चाएं तेज, सोनिया गांधी से मिले कुलदीप बिश्नोई

5/11/2017 2:02:38 PM

चंडीगढ़:हरियाणा कांग्रेस के बड़े नेता कुलदीप बिश्नोई और उनकी धर्मपत्नी रेणुका बिश्नोई ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात की। हालांकि कुलदीप बिश्नोई की यह मुलाकात सोनिया गांधी का स्वास्थ्य का हालचाल जानने को थी।

हरियाणा में कांग्रेस में हो रहे बदलाव की चर्चाएं जोरों पर हैं। वहीं पिछले तीन-चार दिनों से कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर को केन्द्रीय कमेटी में लेने और उनकी जगह विधायक कुलदीप बिश्नोई को प्रदेश का नया अध्यक्ष बनाने की चर्चाएं हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा को केन्द्रीय कमेटी में कोई बड़ा पद देने की अटकलें लगाई जा रही है। 

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष कौन होने से ज्यादा जरूरी पार्टी को सत्ता में लाना है। प्रदेश छोटा सा राज्य होने के बावजूद प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए मारामारी होने का मतलब है कि पार्टी मजबूती के साथ खड़ी है। तंवर ने कहा कि पिछले अढ़ाई साले से उनके विरोधी कांग्रेस नेतृत्व परिवर्तन के लिए पूरा जोर लगाए हैं और खूब जहर उगल रहे हैं। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं होने वाला है। तंवर कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बात कर रहे थे। तंवर ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र है। सभी एकजुटता के साथ कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के सवाल पर कहा कि अभी सदस्यता का काम चल रहा है। इसके बाद जिलाध्यक्षों की भी नियुक्ति की जाएगी।