कांग्रेस की एकता के संदेश पर कुलदीप का प्रहार

3/30/2019 12:06:54 PM

फरीदाबाद (महावीर): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस को एक सूत्र में पिरोकर एकता का संदेश देने के प्रयास पर कुलदीप बिश्नोई ने आज प्रहार करते हुए इसे नकार दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह राहुल गांधी और कांगे्रस के साथ हैं। जब उनसे यह पूछा गया कि गुलाम नबी आजाद व अन्य नेताओं के साथ वह क्यों नहीं हैं तो उन्होंने पुन: दोहराया कि वह राहुल गांधी के साथ हैं।

कुलदीप बिश्नोई के इस बयान के बाद हरियाणा कांग्रेस में एक बार फिर घमासान की स्थिति बन गई है। हरियाणा की गुटबाजी को खत्म करने के लिए जिस कदर एक विशेष रणनीति के तहत कांग्रेस हाईकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस समन्वय समिति बनाकर नेताओं को एकजुट करने का प्रयास किया था, उस पर कुलदीप बिश्नोई ने आज सीधे तौर पर सवालिया निशान लगा दिया है। ऐसे में हरियाणा कांग्रेस में कुलदीप बिश्नोई के बयान के बाद हलचल मचना तय है। माना जा रहा है कि या तो कुलदीप बिश्नोई को हरियाणा में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी जा सकती है या फिर उन पर कार्रवाई की संभावना है।

आज अचानक राहुल गांधी के दौरे के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचे कुलदीप बिश्नोई ने मीडिया को यह कहकर हैरान कर दिया कि वह राहुल गांधी के साथ हैं। इतना ही नहीं उन्होंने गुलाम नबी आजाद व अन्य प्रदेश के नेताओं को भी सीधे तौर पर नजरअंदाज कर दिया। कुलदीप बिश्नोई का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा। कुलदीप बिश्नोई के इस बयान के बाद यह साबित हो गया है कि हरियाणा कांग्रेस में अभी सब कुछ ठीक-ठाक नहीं है। 

Shivam