कुलदीप वत्स ने हुड्डा से मुलाकात पर फैली अफवाहों पर लगाया विराम, बोले- ''मांगें पूरी हो गईं, कोई नाराजगी नहीं''

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 02:52 PM (IST)

झज्जर (प्रवीण धनखड़) : हरियाणा की राजनीति में चर्चाओं के बीच कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से अपनी हालिया मुलाकात को लेकर फैल रही अफवाहों पर सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाई जा रही है और इसे बेवजह राजनीतिक रंग दिया जा रहा है l 

कुलदीप वत्स ने कहा कि यह कहना पूरी तरह गलत है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा उन्हें मनाने के लिए उनके पास पहुंचे थे। उन्होंने दोहराया कि हुड्डा उनके लिए पिता समान हैं और परिवार के मुखिया की तरह हैं। उन्होंने बताया कि खेडी जट गांव में कुलदीप पहलवान की मां के काज के अवसर पर कार्यक्रम उन्होंने ही तय कराया था और वे खुद बॉर्डर से हुड्डा को रिसीव कर अपने साथ लेकर आए थे। वत्स ने कहा कि कुछ लोग हर बात में राजनीति करने की कोशिश करते हैं और बिना वजह मिर्च-मसाला लगाकर बातें फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनके नेता हैं और दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक संबंध हैं, जिन्हें गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हाल ही में हुड्डा उनके निवास पर उनके भतीजे की शादी के बाद नव दंपति को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। इस मुलाकात को भी राजनीतिक नजरिए से देखना गलत है। राज्यसभा चुनाव के बाद उनकी नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर वत्स ने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के नाम सार्वजनिक करने की मांग रखी थी। पार्टी ने उनकी इस मांग को स्वीकार करते हुए पांच विधायकों के नाम सार्वजनिक किए हैं और उन्हें नोटिस भी जारी किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि उनकी कुछ अन्य छोटी मांगें भी हैं, जिन्हें उन्होंने ईमेल के माध्यम से पार्टी हाईकमान तक पहुंचाया है। इन मांगों पर भी उन्हें सकारात्मक आश्वासन मिला है और जल्द कार्रवाई की उम्मीद है। कुलदीप वत्स ने अंत में कहा कि वो पार्टी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और अनावश्यक अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)    

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static