बादल व बडूंगर से कोई समझौता नहीं हुआ : झींडा

4/22/2017 4:01:48 PM

कुरुक्षेत्र (धमीजा):हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और एस.जी.पी.सी. प्रधान प्रो. कृपाल सिंह बडूंगर से उनका कोई समझौता नहीं हुआ है। 
राजनीतिक सफर को देखते हुए वे श्रीअकाल तख्त साहिब अमृतसर में पेश हुए थे। पंथ से निष्कासन माफ करवाने के लिए यह अनिवार्य था। वे नगर के निजी होटल में पत्रकारवार्ता कर रहे थे।  उन्होंने कुछ विरोधियों द्वारा लगाए गए जा रहे आरोपों को सिरे से नकारते हुए स्पष्ट किया कि श्रीअकाल तख्त साहिब पर पेश होने से पहले उन्होंने हरियाणा कमेटी की कार्यकारिणी और धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन सहित पार्टी के 11 जिलों के अध्यक्षों से विचार-विमर्श किया था। यहां तक कि गुरुबाणी कथावाचक साहिब भाई सिंद्रपाल सिंह, बाबा राम सिंह सिंघड़ा (नानकसर वाले), बाबा सुखा सिंह करनाल (कारसेवा वाले) और बाबा चरण सिंह (कारसेवा वाले) सहित अन्य संत-महापुरुषों से भी मंथन किया था। 


उन्होंने बताया कि कमेटी के वरिष्ठ उपप्रधान ने मीडिया को गुमराह करके उनके खिलाफ बयानबाजी की है, जबकि श्रीअकाल तख्त साहिब पर पेश होने से पहले उन्होंने कमेटी के महासचिव जोगा सिंह यमुनानगर के माध्यम से उनसे सम्पर्क किया था। उन्होंने स्वयं भी श्रीअकाल तख्त साहिब पर उपस्थित होने की हामी भरी थी मगर अंतिम समय में उन्होंने अपना विचार बदल लिया और वे श्रीअकाल तख्त साहिब पर पेश नहीं हुए। झींडा ने कहा कि वे पहले भी श्रीअकाल तख्त साहिब को समॢपत रहे हैं। भविष्य में भी श्रीअकाल तख्त साहिब को सर्वोच्च मानते हुए सत्कार करेंगे। राजनीतिक सफर शुरू करने बारे में उन्होंने कहा कि उन्होंने कमेटी से जुड़े 11 जिलाध्यक्षों से उनकी सहमति के प्रस्ताव मांगे हैं। प्रस्ताव मिलने के बाद वे 5 मैम्बरी कमेटी बनाकर अंतिम निर्णय लेंगे। इस मौके पर गुरनाम सिंह, अमीर सिंह मल्ली, मास्टर दर्शन सिंह, होशियार सिंह और साहिब भी मौजूद रहे।