धर्मनगरी में मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय लोहड़ी महोत्सव

1/11/2017 7:27:45 PM

कुरुक्षेत्र (विनोद खुंगर): धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की धरती पर पहली बार अंतर्राष्ट्रीय लोहड़ी महोत्सव का आयोजन गरिमापूर्ण तरीके से किया जा रहा है। यह कुरुक्षेत्रवासियों के लिए ही नहीं बल्कि पूरे राज्य के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा। कुरुक्षेत्र की उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने अपने कार्यालय में डिवाईन सिटी सैंटर में 13 जनवरी को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय लोहड़ी महोत्सव के आयोजकों के साथ बैठक के अवसर पर यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय लोहड़ी महोत्सव के अवसर जिला प्रशासन के अधिकारी भी फायर एंटरटेनमेंट और फ़ास्ट वे केबल नेटवर्क के साथ कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग कर रहा है। उपायुक्त ने बताया कि कुरुक्षेत्र में लोहड़ी के उत्सव का आनन्द लेने के लिए गुरुग्राम में अप्रवासी सम्मेलन में भाग लेने के उपरांत विदेशों से आये अप्रवासी भारतियों का विद्वानों एवं प्रकाण्ड पण्डितों द्वारा मन्त्रोच्चारण के साथ स्वागत किया जाएगा।


अंतर्राष्ट्रीय लोहड़ी महोत्सव में लाड़ो की लोहड़ी के नाम से इस अवसर पर पूरे देश की बेटियों को सन्देश दिया जाएगा कि कुरुक्षेत्र में बेटियों के त्यौहार को किस प्रकार अप्रवासी भारतियों के साथ भव्य जश्न के रूप में मनाया जा रहा है। सुमेधा कटारिया ने कहा कि कुरुक्षेत्र की धरती पर होने वाला यह आयोजन अप्रवासी भारतियों के समक्ष पुरे विश्व के लिए भारतवर्ष की गरिमा और संस्कृति की पहचान होगा। इस अवसर पर जहां समाज के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभावान महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, वहीं विख्यात कलाकारों द्वारा कार्यकमों की प्रस्तुतियां होंगी।