लिंगानुपात में सुधार करने को लेकर कुरुक्षेत्र प्रशासन को मिला प्रथम पुरस्कार

3/9/2018 12:05:04 PM

कुरुक्षेत्र(ब्यूरो): राज्य सरकार ने कुरुक्षेत्र जिले के लिंगानुपात में सुधार करने पर प्रथम पुरस्कार के लिए चयनित किया और राज्य सरकार की तरफ से लिंगानुपात के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर उपायुक्त डा. एस.एस. फुलिया को सैक्स रेशो अवार्ड देकर सम्मानित किया गया है। 

बीते दिन को देर सायं चंडीगढ़ सैक्टर 3 हरियाणा निवास पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने उपायुक्त डा. एस.एस. फुलिया को लिंगानुपात के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने पर सैक्स रेशो अवार्ड देकर सम्मानित किया है। प्रदेश में प्रथम स्थान पर आने के लिए इनाम के रूप में प्रशासन को 5 लाख रुपए की राशि भी दी जाएगी। इस राशि लिंगानुपात की स्थिति में ओर सुधार करने तथा महिलाओं के कल्याण की योजनाओं पर खर्च किया जाएगा।

उपायुक्त डा. एस.एस. फुलिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेशानुसार जब बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना को शुरू किया गया था, तब जिला कुरुक्षेत्र का लिंगानुपात 860 और इस जिले को सबसे खराब सैक्स रेशो की सूची में शामिल किया गया था। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के प्रयासों के साथ-साथ सम्बन्धित विभागों द्वारा मेहनत के बाद जिला कुरुक्षेत्र में लिंगानुपात की स्थिति में लगातार सुधार आया। 

दिसम्बर 2017 तक इस जिले का लिंगानुपात 924 था और जनवरी व फरवरी 2018 का लिंगानुपात 930 है। इन प्रयासों के कारण ही लिंगानुपात की स्थिति में सुधार हो पाया है, जिसके चलते ही राज्य सरकार ने जिला कुरुक्षेत्र को इस अवार्ड के लिए चयनित किया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को मेहनत करने के लिए बधाई दी है और इस स्थिति को भविष्य में भी बरकरार रखने के लिए कहा है।