कुरुक्षेत्र में गेस्ट टीचरों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल, कई शिक्षक घायल, नियमित करने की मांग को लेकर पहुंचे थे CM आवास

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 04:18 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोर) : कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे गेस्ट टीचरों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कई गेस्ट टीचर घायल भी हुए है। गेस्ट टीचर पिछले 111 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं।

PunjabKesari

प्रदेशभर से गेस्ट टीचर आज शनिवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे और सबसे पहले लघु सचिवालय में उपायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने रोष मार्च निकाला और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना चाहते थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। स्थिति के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

PunjabKesari

गेस्ट टीचर लंबे समय से अपनी सेवाएं नियमित करने की मांग उठा रहे हैं। उनका कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पिछले 111 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आधार पर नियमित किए जाने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर उनका धरना लगातार जारी है। गेस्ट टीचरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। शनिवार को कुरुक्षेत्र में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति देखने को मिली। वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static