पूरे विश्व की पाक और पवित्र भूमि है कुरुक्षेत्र : गुरदास मान

12/5/2019 3:38:45 PM

कुरुक्षेत्र,(धमीजा): प्रसिद्घ पंजाबी गायक गुरदास मान ने कहा कि कुरुक्षेत्र की भूमि पूरे विश्व की पाक और पवित्र धरती है, इस धरती को नतमस्तक करने के लिए हर व्यक्ति को कुरुक्षेत्र आना चाहिए। इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव सबसे सुनहरी अवसर है। इस पावन अवसर पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने आने का अवसर दिया, इसके लिए सदैव ऋणी रहेंगे। गायक गुरदास मान अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की भूमि सबसे पाक और पवित्र भूमि है। इस भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता के उपदेश देकर कर्म करने का संदेश दिया। आज इस पावन धरा से विश्व के हर व्यक्ति को पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को अपने जीवन में धारण करके कर्म करना चाहिए और फल की कभी इच्छा नहीं करनी चाहिए, इस पूजनीय भूमि से प्रत्येक धर्म की आस्था जुड़ी है। उन्होंने कहा कि हिन्दुओं के साथ-साथ सिख गुरुओं के चरण भी इस भूमि पर पड़े, जिससे यह भूमि पाक और पवित्र बनी। उन्होंने सवाल का जवाब देते हुए कहा कि आज देश को एक अच्छे नागरिक की जरूरत है और अच्छा नागरिक बनने के लिए सबसे पहले अच्छे संस्कार और अच्छी शिक्षा लेने की जरूरत है, इसके लिए कुरुक्षेत्र की भूमि सबसे उपयुक्त स्थान है, क्योंकि इस धरती से ही पूरे विश्व को ज्ञान मिला।

गुरदास मान ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत सबसे महान है, इसलिए सभी को अपनी गायकी में अपनी सांस्कृतिक विरासत के झरोखों को शामिल करना चाहिए और पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहना चाहिए। वह एक भारतीय गायक, गीतकार, कोरियोग्राफर और अभिनेता हैं जो मुख्य रूप से पंजाबी भाषा के संगीत और फिल्मों से जुड़े हैं। उन्हें पंजाबी संगीत में सबसे उल्लेखनीय शख्सियतों में से एक माना जाता है। उन्होंने 1980 में दिल दा मामला है गीत के साथ सबका ध्यान आकर्षित किया। तब से वह 34 से अधिक एल्बम रिकॉर्ड कर चुके हैं और 305 से अधिक गाने लिख चुके हैं। उन्होंने 2013 में वीडियो प्रशंसकों और पुराने और नए संगीत वीडियो के माध्यम से अपने प्रशंसकों से जुड़े रहने के लिए अपने यू-ट्यूब चैनल को लॉन्च करने की घोषणा की। 2015 में उन्होंने एम.टी.वी. कोक स्टूडियो इंडिया में दिलजीत दोसांझ के साथ की बनू दूनिया दा गीत पर प्रदर्शन किया, जो एम.टी.वी. इंडिया पर प्रसारित किया गया था।

Isha