अल्ट्रासाउंड कर रहे लैब टेक्रीशियन ने पूर्व नप अध्यक्ष से की छेड़छाड़

11/13/2017 8:46:01 PM

यमुनानगर(सुरिंदर मेहता): यमुनानगर के फवारा चौक पर स्थित स्वामी विवेकानंद हॉस्पिटल में ईसीजी कराने आई पूर्व नगर परिषद की अध्यक्ष से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यह अस्पताल पहले भी सुर्खियों में आ चुका है। छेड़छाड़ का शक होने पर महिला ने अपने पति को बताया। उसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के बयान पर कार्रवाई शुरु कर दी है।

भगवान का रूप कहे जाने वाले डॉक्टर भी महिलाओं की लज्जा के साथ खिलवाड़़ करने लगे हैं, जिससे महिला सुरक्षा पर सवालिया निशान लगने लगे हैं।



जानकारी के मुताबिक, नगर परिषद की अध्य्क्ष रह चुकी संगीता रानी अपने पति के साथ हॉस्पिटल में मेडिकल चेकअप कराने के लिए आई थी। उन्होंने बताया कि,उन्हें ईसीजी कराने की सलाह दी गई। जब वह ईसीजी रूम में गई तो वहां पर मौजूद डॉक्टर उनके पति को अंदर आने से मना कर दिया और संगीता के साथ अल्ट्रासाउंड करते वक्त गलत हरकत करना शुरु कर दिया। संगीता ने बताया कि पहले तो उन्हें थोड़ा शक हुआ लेकिन उन्होंने यह सोचकर विरोध नहीं किया कि उस डॉक्टर को ज्यादा पता होगा। उनका कहना है कि उन्होंने पहले भी अल्ट्रासाऊंड करवाया है लेकिन उनके साथ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।



संगीता जब अल्ट्रासाऊंड के बाद बाहर आई तो उन्होंने अपने पति को सारी घटना बताई। संगीता के पति ने बताया कि, हमने डॉक्टर के खिलाफ अस्पताल के ऑनर से शिकायत की लेकिन वहां से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। पूर्व नप अध्यक्ष संगीता के पति का कहना है, यदि हमारे जैसे लोगों के साथ ऐसी हरकत करने में ये हवस के भूखे लोग पीछे नहीं हटते तो उन मासूम लोगों के साथ इनका व्यवहार कैसा होगा जो लोग इनके खिलाफ आवाज नहीं उठा सकते।



मामले की जांच कर रहे थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि, महिला की शिकायत पर लैब टेक्रीशियन के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया गया है, पुलिस की कार्रवाई जारी है।