ऐसा भी होता है: लड्डू मंगवाए बरोदा के लिए, खिलाने पड़ गए बिहार की जीत पर!

11/11/2020 9:43:04 PM

हरियाणा डेस्क: हरियाणा के बरोदा उपचुनाव में भाजपा का जादू नहीं चला तो पार्टी मुख्यालय में जश्न के लिए मंगवाए गए लड्डू बिहार में पार्टी की शानदार जीत के उपलक्ष्य में खिलाने पड़ गए। संभावना थी कि पार्टी पहली बार कमल खिलाएगी इसलिए लड्डुओं का आर्डर दिया गया था, बरोदा में बात नहीं बनी तो नेता जी ने अपने समर्थकों को यह कहकर उनका मनोबल बढ़ाया की बरोदा नहीं तो बिहार ही सही। बरोदा और बिहार की राशि तो एक ही है।  

दाढ़ी बढ़ाने का रहस्य!                      
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद भाजपा और संघ के कुछ पदाधिकारियों में दाढ़ी बढ़ाने का अपना ही क्रेज है। हरियाणा में गृहमंत्री अनिल विज की दाढ़ी स्थाई पहचान बन चुकी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल जब संगठन मंत्री थे तो उनके दाढ़ी बढ़ाने को एक संकल्प के रूप में लिया गया था, जब यह संकल्प राजनीतिक रूप से पूरा हुआ तो उसके बाद ही दाढ़ी कटवा ली। 

हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस रहस्य पर से पर्दा आज तक नहीं उठाया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हरियाणा के प्रांत प्रचारक विजय कुमार ने दाढ़ी बढ़ा ली तो संघ और भाजपा में किसी संकल्प को लेकर चर्चा का दौर शुरू हो गया। अपनी अव्यवस्थित दाढ़ी को जब उन्होंने 2 दिन पूर्व ही कटवा लिया तो इन चर्चाओं पर विराम लग गया। बढ़ी हुई दाढ़ी और ऊपर चेहरे पर मास्क  के कारण स्वयंसेवक  उन्हें  पहचान नहीं पा रहे थे।

vinod kumar