भिवानी में लेडी टीचर मनीषा का हुआ अंतिम संस्कार, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि, पिता के नहीं थमे आसूं
punjabkesari.in Thursday, Aug 21, 2025 - 08:49 AM (IST)

भिवानी : हरियाणा के भिवानी में आज सुबह 8 बजे महिला टीचर मनीषा का नौ दिन बाद अंतिम संस्कार किया गया। मनीषा को उनके छोटे भाई नितेश ने मुखाग्नि दी। शव को सिविल अस्पताल से सीधा गांव ढाणी लक्ष्मण के श्मशान घाट लाया गया। पिता संजय सहित ग्रामीण शमशान घाट पहुंचे थे।
बता दें कि बीते दिन बुधवार को दिल्ली AIIMS में पोस्टमॉर्टम के बाद शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया था। मनीषा के अंतिम संस्कार के लिए परिवार बुधवार को शाम करीब 6 बजे राजी हुआ था। दरअसल परिवार ने 2 मांगें सरकार के सामने रखी थीं, जिसमें केस की जांच CBI से कराने और दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम करवाना शामिल था। वहीं मनीषा के दादा राम किशन ने धरने में कहा कि हमारी जो मांगें थी वह पूरी हो गई हैं। हम बेटी का संस्कार करना चाहते हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म किया।
ज्ञात रहे कि इस मामले में बुधवार अलसुबह मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने अधिकारिक फेसबुक के जरिए जानकारी दी कि परिवार की मांग के आधार पर सरकार निष्पक्ष जांच के लिए केस सी.बी.आई. को सौंपने जा रही है। हमारी बेटी मनीषा और उनके परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश सरकार तथा पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहे हैं। वह स्वयं लगातार इस मामले की रिपोर्ट ले रहे हैं। पूरा न्याय किया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)