सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 5 लोगों से ठगे लाखों रुपए

8/10/2019 11:26:47 AM

चरखी दादरी (पंकेस): गांव कलियाणा निवासी 5 ग्रामीणों से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्तियों ने शुक्रवार को ठगी की शिकायत पुलिस थाने में दी। पुलिस ने मामले में 2 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी।

गांव कलियाणा निवासी जगदीश, रामसिंह, चिरंजीलाल, महेंद्र व नरेश ने बताया कि उन्हीं के गांव का रहने वाले प्रकाश ने उनको सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। प्रकाश ने उनको झांसा दिया कि उसकी ऐसे व्यक्ति से पहचान है जो सरकारी नौकरी लगवा सकता है मगर नौकरी के लिए रुपए देने होंगे। प्रकाश उनसे अलग-अलग बात करता रहा। पीड़ितों ने बताया कि एक दिन प्रकाश ने उनको नांगल चौधरी के गांव सादा अलीपुर निवासी सतीश से मिलवा दिया। सतीश का प्रकाश के पास पहले से आना-जाना था। प्रकाश ने पहले ही पूरी प्लाङ्क्षनग कर ली थी। अलीपुर निवासी सतीश ने उनको झांसा दिया कि उसका भाई व रिश्तेदार पी.एम. हाऊस (गृह मंत्रालय) दिल्ली में नौकरी करते हैं। उनकी अधिकारियों से अच्छी पहचान है तथा सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं। अगर उनके बच्चों को नौकरी लगवाना है तो रुपए देने होंगे। पीड़ितों ने बताया कि वे उन दोनों की बातों में आ गए तथा लाखों रुपए बेटों को नौकरी लगवाने के लिए दे दिए।

 आरोपियों ने जगदीश से अढ़ाई लाख, रामसिंह से अढ़ाई लाख, चिरंजी से 5 लाख, महेंद्र से 4 लाख 20 हजार रुपए तथा नरेश से 2 लाख रुपए ले लिए। पीड़ित लोगों को लिस्ट में जब उनके बेटों का नाम नहीं मिले तो उन्होंने दोनों से सम्पर्क करने का प्रयास किया, मगर काफी दिन उनका कुछ पता नहीं चला। जब मिले तो उन्होंने कहा कि जल्द ही रुपए लौटा दिए जाएंगे, मगर महीनों बीत जाने के बाद भी उनके रुपए नहीं मिले। पुलिस ने प्रकाश व सतीश के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Isha