अस्पताल में फंदे से लटका मिला लॉन्ड्री बॉय का शव(Pics)

2/24/2017 9:31:07 AM

भिवानी (अशोक भारद्वाज):सामान्य अस्पताल की लान्ड्री में गुरुवार को ब्वाय का शव संदिग्ध हालत में फंदे से लटका हुआ मिला। शव मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में शव को फंदे से नीचे उतारा और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहीं मृतक के भाई ने जिला सामान्य अस्पताल प्रशासन पर हत्या के आरोप लगाए हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार गांव नवा राजगढ़ निवासी 28 वर्षीय सुरेन्द्र करीबन 3 साल पहले ही अनुबंध आधार पर जिला सामान्य अस्पताल की लान्ड्री में बतौर लांड्री ब्वाय के तौर पर लगा था। परिजनों के अनुसार सुरेन्द्र की रोजाना सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक ड्यूटी होती थी, लेकिन बुधवार शाम को उसका घर पर फोन आया कि उसकी रात की शिफ्ट में ड्यूटी लगा दी गई हैं इसलिए वह सुबह ही घर लौटेगा, लेकिन सुरेन्द्र ने रात को ही लान्ड्री के अंदर ही संदिग्ध हालत में फंदा लगा लिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस जिला सामान्य अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी। 

 

वहीं मृतक के भाई रविंद्र का आरोप है कि उसके भाई की जिला सामान्य अस्पताल प्रशासन द्वारा हत्या की गई है। जब उसकी ड्यूटी रोजाना ही दोपहर बाद खत्म हो जाती थी तो उसे देर रात को क्यों रोका गया। जांच अधिकारी ने इस सम्बंध में इतफाकिया कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। इस बारे में जांच अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सुरेन्द्र की मौत की वजह साफ हो पाएगी। वही अनुबन्धित कर्मचारी का इस तरह फंदा लगाए जाने से ही अस्पताल प्रशासन में भी हड़कंप का माहौल बना हुआ है।