पंचकूला में कंप्यूटर टीचर और लैब सहायकों पर लाठीचार्ज व वाटर कैनन का प्रयोग, कई घायल(Video)

5/28/2018 4:38:27 PM

पंचकूला (चंद्रशेखर धरणी): अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर से पंचकूला में कंप्यूटर टीचर और लैब सहायक सड़कों पर उतरे हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे टीचर व लैब सहायकों द्वारा शिक्षा सदन का घेराव के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनपर लाठीचार्ज व वाटर कैनन का प्रयोग किया। इस दौरान कई महिलाओं समेत प्रदर्शनकारी घायल हो गए, जिन्हें सामान्य अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले 5 वर्ष से भी ज्यादा समय से रोजी रोटी की जंग लड़ रहे कंप्यूटर टीचर्स और लैब सहायकों ने एक बार फिर से बड़े आंदोलन का एलान कर दिया है। मुख्यमंत्री की घोषणा को 5 महीने से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी आदेश जारी ना होने से खफा हजारों कर्मचारियों ने 28 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है।

बीते दिनों 9 मई के उग्र प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के ओएसडी ने कर्मचारियों से समस्या समाधान के लिए 22 मई तक समय मांगा था, मगर मात्र आश्वाशन के अभी तक कुछ हाथ नहीं लगा। ना तो मुख्यमंत्री के कहे अनुसार वेतन वृद्धि के आदेश जारी हुए और ना ही अनुबंध को बढ़ाया गया। ऐसे में हजारों कर्मचारी एक बार फिर से जून की तपतपाती गर्मी में नौकरी को बचाने के लिए सड़क पर होंगे। 



पीआरटी के बराबर वेतन बढ़ाने की थी घोषणा
गौरतलब है 20 दिसम्बर 2017 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में विभागे के आला अधिमारियों की मौजूदगी में प्रदेश के मुखिया ने कंप्यूटर टीचर्स को पहली जनवरी से वेतन बढ़ाकर पीआरटी टीचर्स के बराबर 21715 रु और लैब सहायक को स्किल्ड स्केल 11429 रु प्रति माह देने की घोषणा की। तात्कालिक वित्तायुक्त के के खंडेलवाल को इस पर काम करने के आदेश भी जारी किए थे। लेकिन इतना समय बीत जाने के बाद भी ना तो वेतन बढ़ा और ना ही कर्मचारियों की नौकरी के लिए कोई नीति बनाई गई।

गर्मी की छुटियों के साथ हो जायेगी सेवा समाप्ति
कंप्यूटर लैब सहायक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र प्योंत ने बताया सरकार 2015 से ही कंप्यूटर टीचर्स और लैब सहायकों को सेवा कर नाम पर मात्र 3 से 6 महीने के अनुबंध पर नौकरी दे रही। उन्होंने बताया एक बार फिर से आगामी गर्मी की छुटियों के साथ प्रदेश के 5000 कर्मचारी सड़क पर आ जाएंगे, लेकिन अबकी बार आंदोलन आरपार का किया जाएगा, जिसमें किसी भी तरह की परिस्थिति के लिए शिक्षा विभाग और सरकार जिम्मेदार होगी।

वार्ता रही विफल
अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर से पंचकूला में कंप्यूटर टीचर और लैब सहायक सड़कों पर शिक्षा सदन का  घेराव किया। शिक्षा विभाग के निदेशक के साथ वार्ता विफल होने पर नाराज टीचरों ने फिर से सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

Nisha Bhardwaj