प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला निकला: हुड्डा

5/31/2018 11:32:37 AM

कुरुक्षेत्र (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला पिट गया है। आए दिन डकैती, छेडख़ानी, बलात्कार, लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही हैं जिन पर सरकार अंकुश लगाने पर नाकाम साबित हुई है। प्रदेश में अव्यवस्था का माहौल है। पत्रकारवार्ता में हुड्डा ने कहा कि गांव पिंडारसी में 1 सप्ताह बीतने के बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लगा। इससे सरकार की करनी व कथनी का पता चलता है। हुड्डा पीड़ित परिवार को मिलने यहां आए थे। उन्होंने पिंडारसी में पीड़ितों को सांत्वना दी। उन्होंने कुरुक्षेत्र के एस.पी. से टैलीफोन पर बात कर आरोपियों की गिरफ्तार की मांग की। 
 

उन्होंने पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए भी कहा। ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री से मांग की कि पीड़ित परिवार के परिजनों को नौकरी दी जाए। उनके साथ पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा, पूर्व सांसद कैलाशो देवी, मेवा सिंह, जलेश शर्मा, राजकुमार पिंडारसी, ललित भुटाना, सुभाष गुप्ता, अंकित गुप्ता, मेहर सिंह, आनंद गर्ग, वैभव शर्मा भी उपस्थित थे। हुड्डा ने कहा कि कर्मचारी वर्ग मांगों को लेकर सड़कों पर उतरा हुआ है। शिक्षक भी सरकार की लाठियां खाने को मजबूर हैं। जनता फिर से कांग्रेस की सरकार चाहती है। 

हुड्डा ने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों की फसलों का पूरा दाम नहीं दिया। 24 घंटे बिजली देने का वायदा करने वाली सरकार असफल सिद्ध हुई है। व्यापारियों का कामकाज ठप्प होकर रह गया है। हुड्डा ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस प्रदेश में संघर्ष का ऐलान कर देगी।

Deepak Paul