कानून व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, हरियाणा पुलिस में जल्द शामिल होंगे और 20 हजार जवान

1/5/2019 10:42:53 AM

चंडीगढ़(अर्चना): हरियाणा पुलिस में जल्द ही 20 हजार और जवानों की नियुक्तियां पूरी हो जाएंगी।  प्रवक्ता की मानें तो 7110 जवानों की पुलिस की विभिन्न विंगों में नियुक्ति होने के बाद 7000 नए जवानों की नियुक्ति के लिए लिखित, शारीरिक प्रक्रिया और औपचारिकताएं निभाना शुरू कर दी जाएंगी।

3 चरणों में किया गया लिखित परीक्षा का संचालन 
हरियाणा पुलिस के 7110 जवानों की नियुक्तियों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 3 चरणों में किया गया। पहले चरण में सब-इंस्पैक्टर की पोस्ट के लिए परीक्षा ली गई। दूसरे चरण में पुरुष कांस्टेबल जबकि तीसरे चरण में महिला कांस्टेबल की भर्ती के लिए परीक्षा संचालित हुई। तीसरा चरण 30 दिसम्बर की परीक्षा से पूरा किया गया है। कांस्टेबल की भर्ती के लिए उम्मीदवारों की योग्यता 12वीं कक्षा थी जबकि परीक्षा स्नातक, स्नातकोत्तर, सिविल इंजीनियर, एम.टैक., बी.टैक. उत्तीर्ण उम्मीदवारों ने दी। पहले जवानों की नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा का प्रावधान नहीं था।

हरियाणा गृह विभाग द्बारा हरियाणा कैबिनेट में स्वीकृत्त करवाए गए हरियाणा पुलिस सेवा नियम 2017 के बाद जवानों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। सिर्फ इतना ही नहीं जवानों को लंबा कद और चौड़ा सीना को भी प्राथमिकता दी जा रही है। सब-इंस्पैक्टर के पद के लिए जवान का कद 170 सैंटीमीटर, 4 सैंटीमीटर फुलाव के साथ सीना और 83 सैंटीमीटर चौड़ाई का नियम तय किया गया है। महिलाओं के लिए कद की लंबाई 158 सैंटीमीटर रखी गई है। नियम में यह भी कहा गया है कि हरियाणा स्टाफ सिलैक्शन कमीशन 50 प्रतिशत जवानों की भर्ती सीधे करेगा जबकि 3 प्रतिशत नियुक्तियां खेल कोटे को ध्यान में रखते हुए की जाएगी।

जवानों के लिए दौडऩा भी होगा अनिवार्य 
हरियाणा पुलिस में भर्ती किए जाने वाले 7110 जवानों में 5000 पुरुष कांस्टेबल, 1147 महिला कांस्टेबल, इंडियन रिजर्व बटालियन (आई.आर.बी.) स्टेट में 500 पुरुष, सब-इंस्पैक्टर के पद पर 400 पुरुष जवान और 63 महिलाओं के पद भरे जाएंगे। शारीरिक परीक्षा में जवानों को दौड़ लगाकर अपने क्षमता का प्रदर्शन करना होगा। यह दौड़ पुरुष और महिलाओं दोनों के लिए अनिवार्य होगी। उसके बाद लिखित परीक्षा व शारीरिक क्षमता को ध्यान में रखते हुए जवानों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जिसके बाद नए 7000 पदों पर जवानों की नियुक्ति के लिए भी इसी तरह से प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।  
 

Deepak Paul