आसाराम केस के मुख्य गवाह महेंद्र चावला पर कानूनी शिकंजा, 42 लाख बरामद ...भतीजे की तलाश जारी
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 01:01 PM (IST)
पानीपत: आसाराम और नारायण साईं प्रकरण में मुख्य गवाह रहे महेंद्र चावला से पुलिस ने 42 लाख रुपये बरामद किए हैं। इसमें से 24 लाख पहले बरामद कर चुकी है और 18 लाख रुपये दो दिन के रिमांड के दौरान बरामद किए हैं। बाकी 28 लाख रुपये उनके दूसरे भतीजे के पास बताए गए हैं। पुलिस भतीजे की तलाश में दबिश दे रही है। रिमांड का समय पूरा होने पर महेंद्र चावला को शनिवार को अदालत के सामने पेश किया गया। इसके बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने 18 अप्रैल को महेंद्र चावला उनके भाई देवेंद्र चावला और भतीजे राम को गिरफ्तार किया था। तीनों के खिलाफ सेक्टर-12 निवासी भगत सिंह ने चांदनी बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि महेंद्र चावला ने सनौली गांव के पूर्व सरपंच सुरेंद्र शर्मा के साथ चल रही मुकदमेबाजी में गवाही से पलटने के नाम पर 70 लाख रुपये लिए थे। बाद में 80 लाख रुपये की मांग की गई थी। पुलिस ने महेंद्र चावला सहित सभी आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लिया था। उनके कब्जे से 24 लाख रुपये बरामद हुए थे। वीरवार को तीनों को दोबारा से अदालत में पेश कर देवेंद्र चावला व राम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, महेंद्र को दोबारा से दो दिन के रिमांड पर लिया था।