रेहड़ी वालों से 300-300 रुपए वसूलते हैं विधायक ज्ञानचंद: केहर

10/26/2017 1:23:33 PM

चंडीगढ़(बंसल/पांडेय):सदन में इनैलो विधायक केहर सिंह जब प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या के मुद्दे पर बोल रहे थे तो भाजपा विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने टोका-टाकी की। मामला इतना बढ़ गया कि केहर सिंह ने ज्ञानचंद गुप्ता पर पंचकूला के रेहड़ी वालों से वैसे वसूलने की बात कह दी। केहर सिंह ने कहा कि उन्हें पंचकूला के कई रेहड़ी वालों ने बताया कि वह विधायक को 300 रुपए महीना देते हैं। केहर सिंह के इस आरोप पर करीब आधे घंटे तक सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस चली। विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने केहर सिंह के आरोपों को झूठा करार देते हुए माफी मांगने की मांग की।

लेकिन केहर सिंह ने कहा कि वह किसी भी तरह से माफी नहीं मांगेंगे। मंत्री नायब सैनी व विधायक मूलचंद शर्मा व टेकचंद शर्मा ने केहर सिंह से माफी मांगने की बात कही। लेकिन केहर सिंह ने माफी मांगने से इंकार कर दिया। भाजपा विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने मीडिया से कहा कि इनैलो विधायक की ओर से लगाए आरोप झूठे व तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि आरोप लगाना इनैलो की फितरत है और अब केहर सिंह को विशेषाधिकार कमेटी के समक्ष अपना जवाब देना पड़ेगा।