मारुति-सुजुकी के मानेसर प्लांट में घुसा तेंदुआ, 5 घंटे से चल रहा सर्च अॉप्रेशन

10/5/2017 12:21:06 PM

गुरुग्राम(सतीश राघव): मारुति-सुजुकी के मानेसर स्थित प्लांट में तेंदुआ घुस गया जिससे वहां हड़कंप मच गया। जिसके बाद पुलिस अौर वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पर पहुंची वन विभाग टीम तेंदुए की तलाश कर रही है। फिलहाल प्लांट में काम रोक दिया गया है। जानकारी के अनुसार कंपनी के सुरक्षाकर्मी सुबह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, उसी दौरान उनकी नजर एक जानवर की परछाई पर पड़ी। उन्होंने सोचा कि कोई कुत्ता होगा, लेकिन जब जानवर सामने आया तो उनके होश उड़ गए। तेंदुए को देख कर्मचारियों ने शोर मचाया, जिसके चलते तेंदुआ प्लांट के अंदर घुस गया। इम्प्लॉई यूनियन के नेता कुलदीप जांघू ने बताया कि तेंदुए के घुस आने की खबर सुनते ही काम रोक दिया गया है।

सुबह की शिफ्ट में काम करने वाले सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया है। तेंदुआ एक बार सी.सी.टी.वी. कैमरे में दिखाई दिया है लेकिन उसके बाद गायब हो गया है। 5 घंटे से चले सर्च अभियान के बाद अभी तक तेंदुए को पकड़ा नहीं गया है। प्लांट के अंदर तेंदुए को तलाश अभी जारी है। वन विभाग टीम प्लांट के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तेंदुआ कहां छिपा है।