यमुनानगर: मांडेवाला में तेंदुए का खौफ, शिकार को जबड़े में दबाकर पहाड़ी पर चढ़ते वीडियो वायरल

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 09:47 AM (IST)

यमुनानगर (परवेज खान):  यमुनानगर के कलेसर वन्यजीव अभयारण्य से सटे गांवों में इन दिनों तेंदुए की सक्रियता ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला मांडेवाला गांव का है, जहां एक तेंदुए द्वारा शिकार करने का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेंदुआ अपने शिकार को जबड़े में दबाकर फुर्ती से पहाड़ी की ऊंची चढ़ाई चढ़ता नजर आ रहा है।

गौशाला के पास देखा गया तेंदुआ
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह वीडियो मांडेवाला गांव की गौशाला के समीप का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा मंजर इतना खौफनाक है कि इसे देखकर इलाके के लोगों में दहशत फैल गई है। किसी स्थानीय ग्रामीण ने दूर से अपने मोबाइल में इस पूरे वाकये को कैद किया। जैसे ही वीडियो ग्रुप्स में फैला, मांडेवाला समेत आसपास के दर्जनों गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया।

कलेसर बेल्ट में बढ़ी हलचल
गौरतलब है कि यमुनानगर का कलेसर नेशनल पार्क और उसके आसपास का वन क्षेत्र तेंदुओं और अन्य हिंसक जानवरों का प्राकृतिक आवास है। पिछले कुछ दिनों से इस बेल्ट के गांवों में तेंदुए की आवाजाही की खबरें लगातार आ रही हैं, लेकिन इस तरह शिकार के साथ वीडियो सामने आने से ग्रामीण अब अपने बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित हैं।
 

वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुए को पकड़ने के लिए उचित स्थानों पर पिंजरे लगाए जाएं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और रिहाइशी इलाकों में जानवरों की आमद रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static