लिफ्टिंग का ठेका ऊंचे स्तर पर देने वाले अधिकारी की होगी जांच, मंत्री ने किया तबादला

5/12/2018 8:25:23 AM

पंचकूला(धरणी):  खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के राज्य मंत्री कर्ण देव कम्बोज ने आदमपुर के एक अधिकारी के खिलाफ मिली शिकायतों के आधार पर लिफ्टिंग का ठेका न्यूनतम रेट पर न देकर ऊंचे स्तर पर देने के मामले में विभागीय जांच के आदेश व विवादों में आए अधिकारी के तबादले के आदेश दिए हैं। मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है। किसानों का मंडियों में गेहूं का एक-एक दाना खरीदा जा रहा है लेकिन मंडी में किसी को ट्रेंडिंग नहीं करने दी जाएगी।

कम्बोज ने कहा कि कांग्रेस में इंटर्नल कम्पीटिशन आपसी चौधर को लेकर चल रही है। इसलिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कई नेता अपना अस्तित्व बचाने के लिए कोई साइकिल यात्रा तो कोई रथ यात्रा कर रहे हैं। हुड्डा को बेचैनी है कि किन मुद्दों को लेकर जनता में जाएंगे। कम्बोज ने कहा कि ब्राह्मण सम्मानीय व पूजनीय हैं, कुलदीप शर्मा 101 ब्राह्मणों के दर्शन करवाएंगे तो हम कर लेंगे। कांग्रेस काले और गोरे की बातें कर रंग भेद की नीति न अपनाए, रंग तो परमात्मा की देन होता है, इंसान का मन पवित्र होना चाहिए। हुड्डा के हालत ठीक करने के लिए वह ब्राह्मणों की मदद ले सकते हैं। 

हरियाणा कर्मचारी आयोग के मामले में मुख्यमंत्री ने आदेश दिए हैं कि जिसने भी ऐसे प्रश्न लिखे हैं, जिससे किसी की भी भावनाएं आहत हुई हैं उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। 
 

Rakhi Yadav