कांग्रेस की तरह कांग्रेस का घोषणा पत्र भी झूठा जो कभी भी पूरा नहीं होने वाला : ज्ञानचंद गुप्ता

punjabkesari.in Wednesday, Sep 18, 2024 - 06:45 PM (IST)

पंचकूला(चंद्र शेखर धरणी): विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को कभी भी पूरा नहीं होने वाली घोषणाएं बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरह ही कांग्रेस का घोषणा पत्र झूठा है। श्री गुप्ता ने ये बातें बुधवार को अपने चुनावी अभियान के दौरान सभाओं को संबोधित करते हुए कही। आज ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर-21, एमडीसी 6, सेक्टर-12, सेक्टर-11 गीता मंदिर, सेक्टर-8, राजीव कालोनी, सेक्टर 19 का दौरा किया और लोगों से विकसित हरियाणा के लिए वोट मांगे। इस दौरान श्री गुप्ता ने चुनावी कार्यालय और अन्य जगहों पर बैठकें की और चार्य पर चर्चा भी की।

ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस का मतलब ही झूठ बोलकर लोगों को भ्रमित करना है। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में झूठ बोलकर सरकार बनाई आज वहां के कर्मचारियों को वेतन तक नहीं मिल रहा। राजस्थान में किसानों का कर्जा माफ करने की घोषणा की वो भी पूरी नहीं हुई, उलटा 4 हजार से अधिक किसानों को आत्महत्या करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सदा यही मकसद रहा है झूठ बोलों, लालच दो और सरकार बनाओ। लेकिन यह हरियाणा की जनता है जो जागरूक है अब कांग्रेस के झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने 8500 रुपये ठकाठक देने की झूठ बोली, संविधान और आरक्षण को भाजपा से खतरा बताया और वोट बटोरी, आज परिणाम सभी के सामने है कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी खुद कह रहे हैं कि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो आरक्षण को समाप्त कर दिया जाएगा।

अपने चुनावी अभियान में बोलते हुए ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि भाजपा का माहौल बना हुआ है, हर जगह लोग अपना अपार समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिल रहे लोगों के समर्थन से विरोधियों की धड़कने बढ़ गई है। कांग्रेस के प्रत्याशी दिल से हार मान चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंचकूला की जनता जानती है कि पंचकूला का विकास सिर्फ 10 सालों में हुआ है। हर घर तक सुविधाएं इन 10 सालों में भाजपा सरकार ने पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य झूठ बोलकर सत्ता में आना और भ्रष्टाचार, परिवारवाद को बढ़ावा देना है, जबकि भाजपा सत्ता के माध्यम से लोगों की सेवा करती है।

ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि मैं जहां भी जा रहा हूं लोगों का समर्थन मिल रहा है। पंचकूला विधानसभा के लोग भाजपा सरकार के कार्यों से खुश है। जगह-जगह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की तारीफ सुनाई दे रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य और हरियाणा की तरक्की के लिए कमल का बटन दबाकर उन्हें विजयी बनाएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static