गंगा बचाओ अभियान की तरह ही यमुना के पानी को बचाने का चलाया जाएगा अभियान: CM मनोहर (VIDEO)

6/5/2018 10:51:52 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने कहा कि गंगा बचाओ अभियान की तरह ही यमुना के पानी को बचाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए केंद्र और दिल्ली सरकार से आग्रह किया गया है। मुख्मयंत्री ने यह जानकारी दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली का प्रदूषित पानी जो किसी भी रास्ते से यमुना में आता है, उसके लिए हमने केंद्र और दिल्ली सरकार को आग्रह किया है कि इसके लिए एक बड़ा प्रोजेक्ट बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वृंदावन के लोगों की भी साफ पानी की मांग आई है कि वहां साफ सुथरा पानी पहुंचे इसलिए जिस तरह गंगा बचाओ अभियान चल रहा है वैसे ही यमुना के पानी को बचाने के लिए अभियान चलाया जाए।

उन्होंने कहा कि पानी के पुनर्भरण पर बल देते हुए तीन महीनों के भीतर 10 नगर निगमों की प्रत्येक सरकारी इमारतों में वर्षा के पानी का संग्रहण करने और पानी के पुनर्भरण के लिए 1000 गड्डे खोदने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में हेलोजेन और सोडियम बल्बों व टयूबलाइट्स को ऊर्जा दक्ष एलईडी बल्बस और टयूबलाइट्स से बदला जाएगा। प्रारम्भ में 15 अगस्त तक सरकारी भवनों में इन्हें बदलने का निर्णय लिया गया है। 

गुरुग्राम और फरीदाबाद में प्रदूषण के संबंध में सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वातावरण को प्रदूषित करने वाले बहुत से कारण हैं, जिनमें यातायात, खेतों में पराली जलाना, इंडस्ट्री पॉल्यूशन, निर्माण कार्य इत्यादि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केजीपी के उदघाटन के बाद 40 हजार वाहन उस मार्ग पर चलने लगे है जिसकी वजह से इन क्षेत्रों में वाहनों की आवजाही कम हुई है, जिससे अब यहां प्रदूषण के स्तर में कमी आएगी।

Shivam