टोहाना में गांधी जयंती पर ड्राई-डे की उड़ीं धज्जियां: विधायक के घर के सामने शटर के होल से बिकती रही शराब, वीडियो वायरल
punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 09:08 PM (IST)
टोहाना( सुशील): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) पर हरियाणा सरकार द्वारा घोषित 'ड्राई-डे' (Dry Day) के नियमों की टोहाना में खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे 148-बी पर कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह के आवास के ठीक सामने बने शराब ठेके से शटर के होल (छेद) से सरेआम शराब बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद टोहाना शहर थाना प्रभारी संदीप अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस की गाड़ी को आता देख ठेके के कारिंदे ने चालाकी दिखाते हुए शटर में बने होल को अंदर से तुरंत बंद कर दिया। मौके पर कोई प्रत्यक्ष सबूत न मिलने का हवाला देते हुए पुलिस टीम बिना कोई कार्रवाई किए बैरंग वापस लौट गई।
गांधी जयंती के अवसर पर शराब की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहता है। इसके बावजूद वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ठेके का कारिंदा शटर के छोटे से होल से बोतलें बाहर सप्लाई कर रहा था और बाहर खड़े लोग धड़ल्ले से शराब खरीद रहे थे।
विधायक आवास के बिल्कुल सामने और मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह नियमों की धज्जियां उड़ाए जाने से स्थानीय प्रशासन और आबकारी विभाग (Excise Department) की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासियों ने ड्राई-डे का उल्लंघन करने वाले ठेकेदार और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।