हमारी लिस्ट लंबी, भाजपा के पास गिनवाने के लिए एक भी काम नहीं : हुड्डा

10/25/2020 8:13:45 AM

गोहाना (अरोड़ा) : विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व सी.एम. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में विकास के जो काम हुए उनकी लिस्ट बहुत लंबी है परंतु भाजपा के राज में गिनवाने को एक भी काम नहीं है। उलटे भाजपा विपक्ष से हिसाब मांग रही है। उनके अनुसार अब किसानों के सिर पर 3 नए कृषि कानूनों का खतरा मंडरा रहा है,पर उनकी सरकार रहते किसानों को हर संकट से उबारने तथा उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया तब किसानों को न फसल बिकने की कोई चिन्ता होती थी, न ही उन्हें पेमैंट के लिए कोई इंतजार करना पड़ता था।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने 3 लाख नौकरियां लगाई थीं। साथ में निजी क्षेत्र में लाखों युवाओं को रोजगार दिलवाया था,पर भाजपा ने इससे ज्यादा संख्या में नौकरियां छीनी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज हरियाणा बेरोजगारी में पूरे देश में नम्बर वन बन चुका है। प्राइवेट सैक्टर में निवेश हो नहीं रहा। सरकारी महकमों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। कच्चे कर्मचारियों के साथ पक्के कर्मचारियों की भी छंटनी की जा रही है। हुड्डा ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री रहते 3.82 लाख दलित और गरीब परिवारों को 100-100 गज के प्लाट दिए गए। भाजपा ने 6 साल में किसी को भी एक भी प्लाट आबंटित नहीं किया।

Manisha rana