लॉकडाउन: चारा काट रहे पूर्व मंत्री रामबिलास, फॉर्म हाउस पर वक्त बिता रहे पैरोल पर आए चौटाला

3/29/2020 10:03:19 PM

चंडीगढ़(धरणी): देशभर में लॉकडाउन के चलते लोगों को घरों में ही रहने के लिए कहा गया है। ऐसे में कुछ लोग सड़कों पर घूमकर देश को खतरे में डाल रहे हैं, तो कुछ लोग अपने घर मे रहकर घरेलू काम कर रहे हैं। पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा अपने अनोखे अंदाज में ही रहते हैं। मजाकिया स्वभाव के रामबिलास शर्मा घर में पशुओं के लिए चारा काट रहे हैं। गाए सेवा कर रहे हैं। उनकी एक वीडियो सामने आई है।

राम बिलास शर्मा का कहना है कि  मैंने मेरे गांव में अपना अधिकतम समय घर की गायों की सेवा में बिताया, वैसे तो ये मेरी हर रोज की दिनचर्या का हिस्सा है लेकिन अब घर पे ही रह अधिक समय बिताने का सौभाग्य मिल रहा है।

आप सभी से आशा करता हूं की आप भी अपना ये समय अधिकतर घर में रह कर ही बिताएं और इस समय को सदुपयोग करे, जैसे योग, संगीत, परिवार के साथ कोई भी खेल जो आप घर में रहकर खेल सकते है या कोई भी ऐसा काम घर के बड़े होने के नाते अपने बच्चों के साथ साझा कर सकते है जो हमारे देश के इतिहास एवं संस्कारों से परिचय करा सके या हमारे बड़ों ने हमारे साथ साझा कर के गए जो आजकल के व्यस्त माहाैल में हम साझा कर नहीं पाते। 

वहीं  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सारे दिन अधिकारियों के साथ बैठक करने में व्यस्त हैं, वे लगातार पूरे प्रदेश के हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री की कार्यशैली वास्तव में ही सराहनीय है और वो हर पल की अपडेट ले रहे हैं। इधर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी लगातार अधिकारियों से सम्पर्क में बने हुए हैं वो लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक ले रहे हैं। इसके अलावा वो अपने सरकारी आवास पर गायों की सेवा कर रहे हैं। इसके बाद बचे समय में योगा और बैडमिंटन खेल रहे हैं।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला इन दिनों पैराेल पर जेल से बाहर हैं। वो तेजा खेड़ा फार्म हाउस में हैं और आराम कर रहे हैं। ओपी चौटाला की एक फोटो सोशल मीडिया पर आई है वो जनता से भी घर पर रहने की अपील कर रहे हैं।

टोहाना से जजपा विधायक देवेन्द बबली घर पर नहीं रुके और खुद ही अपने हल्के में सेनेटाइजर स्प्रे कर रहे हैं। देवेंद्र बबली अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच हैं।इधर महम से निर्दलीय विधायक  बलराज कुंडू ने एक लाख से ज्यादा मास्क अपने इलाके में भिजवा दिए हैं। वहीं प्रवासी श्रमिकों के जाने के लिए बसों की व्यवस्था कर रहे हैं।

पेिहोवा से विधायक और खेल मंत्री संदीप सिंह भी लगातार अपने इलाके की जनता के बीच मे हैं। वो जगह जगह जाकर जरूरतमंद लोगों को खाना और राशन बांट रहे हैं। हरियाणा पुलिस की जितनी प्रशंशा की जाए उतनी कम है। जनता की सेवा में जुटी हरियाणा पुलिस जहां व्यवस्था बनाए रही है वहीं गरीबों को खाना भी बांट रहे हैं।

फतेहाबाद में महिला पुलिस कांस्टेबल अपनी ड्यूटी के बाद आम के लिए मास्क तैयार कर रही हैं। हरियाणा के डॉक्टरों और उनके सहयोगियों के जज्बे को सभी सराह रहे हैं । मेडिकल कर्मचारियों की सरहाना जितनी कि जाए उतनी कम है। इस विपदा की घड़ी में वो दिन रात अपनी जान की परवाह किये वगैर जुटे हुए हैं।

Edited By

vinod kumar