लोकसभा चुनाव-2019: अवैध शराब व हथियारों की तस्करी पर रहेगी नजर

3/14/2019 12:19:20 PM

सोनीपत (दीक्षित): लोकसभा चुनाव के दौरान यू.पी. व दिल्ली की सीमाओं से संभावित तस्करी पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। हरियाणा के सोनीपत, पानीपत तथा यू.पी. के बागपत के डी.सी. व एस.पी. ने सोनीपत के एथनिक इंडिया में बैठक कर संयुक्त रणनीति बनाई। यमुना के रास्ते अवैध हथियारों व अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए योजना तैयार की। इसके लिए तीनों जिलों का एक संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। गश्त में तीनों जिलों की पुलिस की टीम के सदस्य शामिल होंगे। बैठक में सोनीपत के डी.सी. डा. शालीन, बागपत के डी.एम. पवन कुमार, पानीपत की डी.सी. सुमेधा कटारिया, सोनीपत की एस.पी. प्रतीक्षा गोदारा, बागपत के एस.पी. शैलेश कुमार पांडेय व पानीपत के एस.पी. सुमित कुमार सहित तीनों जिलों के एस.डी.एम., डी.एस.पी. व अन्य अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। 

सीमावर्ती बूथों पर रखनी होगी विशेष निगरानी : डा. शालीन 
डा. शालीन ने कहा कि बागपत में पहले चरण में 11 अप्रैल को चुनाव होने हैं और सोनीपत सहित पूरे हरियाणा में छठे चरण में 12 मई को चुनाव होंगे। ऐसे में हमें दोनों जगहों के अधिकारियों व पुलिस को एक दूसरे के सहयोग के लिए पूरा समय मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सोनीपत, बापौली, समालखा, गन्नौर, मुरथल, राई व कुंडली थाना क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे हुए हैं। सोनीपत के बागपत से 50 पोङ्क्षलग स्टेशन और दिल्ली से 40 पोङ्क्षलग स्टेशन सटे हुए हैं। ऐसे में इन पोङ्क्षलग स्टेशनों पर ज्यादा निगरानी रखे जाने की जरूरत है। ऐसे में पानीपत व सोनीपत के अधिकारी बागपत व शामली जिला के अधिकारियों के साथ संयुक्त नियंत्रण कक्ष बनाकर तालमेल रखेंगे और एक दूसरे प्रदेश के अधिकारियों से लगातार बातचीत करते रहेंगे। 

आपसी तालमेल से बनानी होगी व्यवस्था : पवन कुमार 
बागपत के डी.एम. पवन कुमार ने कहा कि दोनों प्रदेश में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न करवाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सोनीपत, पानीपत व बागपत एक जैसी पृष्ठभूमि के जिले हैं। आपस में रिश्तेदारियां हैं और बड़ी संख्या में लोगों का इधर से उधर आना-जाना रहता है। दोनों जगहों से सभी सूचनाएं बेहतर ढंग से मिलें और संयुक्त रूप से कार्रवाई हो तो हम किसी भी अपराध या अव्यवस्था को तुरंत रोक सकते हैं। 

पानीपत के 12 गांव यू.पी. की सीमा से सटे : सुमेधा कटारिया 
पानीपत की डी.सी. सुमेधा कटारिया ने कहा कि पानीपत जिला के 12 गांव यू.पी. की सीमा से सटे हैं। ऐसे में हम यहां पर बेहतर तालमेल के साथ कार्य करेंगे और अधिकारियों का तालमेल भी रखेंगे। सोनीपत की एस.पी. प्रतीक्षा गोदारा ने बताया कि हम सभी पुलिस पी.ओ. की सूची यू.पी. के अधिकारियों को सौंप रहे हैं। इसके साथ ही यमुना में पानी कम होने की वजह से एक जगह से दूसरी जगह शराब व अवैध हथियारों का आवागमन आसान रहता है। ऐसे में यमुना पर सभी नाकों को मजबूत किया जाएगा। 

यमुना पुलों पर बैरियर लगाकर की जाएगी चैकिंग
बागपत के एस.पी. शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि आसपास दोनों प्रदेशों के बीच में पानीपत के सनौली व सोनीपत के राई थाना क्षेत्र में यमुना पर 2 पुल हैं। यहां पर सख्ती से दोनों तरफ से बैरियर लगाकर लगातार चैकिंग बढ़ाई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी डी.एस.पी. व एस.एच.ओ. एक दूसरे का मोबाइल नम्बर रखें और लगातार बातचीत कर सम्पर्क में रहें। डी.ई.टी.सी. एक्साइज को भी निर्देश दिए कि शराब की किसी मूवमैंट को लेकर अवश्य निगरानी रखें।  

नागालैंड से बने हथियारों के लाइसैंसों की होगी चैकिंग
पानीपत के एस.पी. सुमित कुमार ने कहा कि अवैध हथियारों को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है। गन हाऊसों पर निगरानी रखें और रिकार्ड रखें। वहीं दीमापुर नागालैंड से बने हथियारों के लाइसैंसों की भी तीनों स्थानों पर चैकिंग करवाई जाए। उन्होंने सभी को विश्वास दिलवाया कि बेहतर तालमेल के साथ कार्य किया जाएगा।

Shivam