लोकसभा चुनाव: 100 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 6 हजार मतदाता

3/13/2019 12:16:18 PM

अम्बाला (मीनू): हरियाणा में राज्य में आगामी लोकसभा चुनावों के लिए मतदाता सूची में 100 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 6000 मतदाता हैं। राज्य में 553 के साथ करनाल में सबसे अधिक सेंचुरी हैं, जबकि पंचकुला में 111 के साथ सबसे कम है। 90-99 वर्ष के आयु वर्ग में लगभग 89,711 मतदाता हैं, जिनमें सबसे ज्यादा भिवानी (7,946) और सबसे कम पंचकुला (1,436) में हैं। 31 जनवरी, 2019 को प्रकाशित मतदाता सूची में लगभग 3.68 लाख नए नाम जोड़े गए हैं। 31 जनवरी तक, आंकड़ों से पता चला है कि कुल 1.74 करोड़ मतदाताओं में से, 37.56 लाख मतदाता 30 साल से कम के हैं, 1.41 लाख मतदाता 18-19 आयु वर्ग में और 36.15 लाख 20-29 वर्ष की आयु के बीच हैं। सबसे ज्यादा मतदाता, 43.48 लाख, 30-39 वर्ष के आयु वर्ग में आते हैं।

31 जनवरी 2019 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार लगभग 3.5 लाख नए मतदाता पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। इन नए मतदाताओं का मत प्रयोग के प्रति उत्साह भी अलग होता है और चुनाव में खड़े प्रत्याशी को आंकने का नजरिया भी अलग होता है। सामान्यत: इन वोटों को फ्लोटिंग वोट्स का भी नाम दिया जाता है। ये नए मतदाता किसी पार्टी विशेष अथवा किसी व्यक्ति विशेष का गढ़ नहीं होते। सोशल मीडिया के जमाने में आज का युवा बहुत जागरूक है और जानता है कि उसका मत कितना महत्वपूर्ण है।



ये फ्लोटिंग वोट्स हर चुनावों में अपनी अहम भूमिका निभाते आए हैं। दिल्ली में ‘आप’ को सत्तासीन करने में इन युवाओं का बहुत बड़ा हाथ है। अब राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं। जनता भी अपने विचार समय व स्थिति के अनुसार बदलती है। जनमानस अब लोक लुभावने वायदों से ऊपर उठकर और अधिक सूझवान होकर मत का प्रयोग करता है। प्रदेश में भी राजनीतिक स्थितियां अब गत 2014 के चुनावों से बिल्कुल अलग हैं। गत चुनावों में भाजपा को मोदी लहर का लाभ मिला था और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बन गई थी। हालांकि अब प्रदेश में भाजपा सत्तासीन है फिर भी यह चुनाव सभी पाॢटयों को उनकी जमीनी हकीकत दिखाएंगे क्योंकि कुछ माह बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। चुनावों को पर्व की तरह लेने वाले इस देश में चुनाव लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला हैं।
 

Shivam