लोकसभा चुनाव: हरियाणा की दसों सीट पर फिर एक बार लहराया भगवा

5/23/2019 5:21:45 PM

डेस्क: हरियाणा के 39 स्थानों पर बने 90 मतगणना केन्द्रों पर मतगणना हुई, जिनके परिणाम आने के बाद पूरे प्रदेश में भाजपा की जीत हुई। हालांकि रोहतक सीट पर दो बार लीड में आई, लेकिन यहां भी मोदी का जादू बरकरार बना रहा। लगातार तीन बार सांसद रहे दीपेन्द्र हुड्डा भी कड़ी टक्कर देते आए, परंतु अंत में जीत अरविंद शर्मा की हुई। दीपेन्द्र हुड्डा और अरविंद शर्मा दोनों के बीच उठा-पटक के आंकड़े बनते रहे। हालांकि, अधिकतर अरविंद शर्मा ही आगे रहे। हरियाणा लोकसभा के मतगणना से जुड़ी अपडेट्स नीचे पढ़ें-

LIVE UPDATES-

  • 5:00 PM करनाल लोकसभा सीट की मतगणना पूरी, संजय भाटिया 6,54,269 वोटों से जीते
    करनाल लोकसभा क्षेत्र के चुनाव की मतगणना पूरी हो चुकी है। यहां भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया को कुल 12 लाख 98 हजार 26 वोट प्राप्त हुए। वहीं उनके प्रतिद्वंदी रहे कांग्रेस के उम्मीदवर कुलदीप शर्मा को 2 लाख 55 हजार 163 के लगभग वोट मिले। इनके वोटों में अंतर कुल 6,54,269 वोटों का रहा। यहां कुछ ही देर बाद बीजेपी उम्मीदवार संजय भाटिया को निर्वाचन अधिकारी प्रमाण पत्र देंगे।
     
  • 4:30PM- अंबाला में रतन लाल कटारिया के बंपर जीत का रास्ता साफ
    अंबाला संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत पडऩे वाले पंचकूला और कालका विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी रत्न लाल कटारिया को जनता ने बंपर वोटों से जिताने का रास्ता साफ किया है। पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से कटारिया को 85670 मत मिले, जबकि सैलजा 38729 मत मिले हैं। पंचकूला में कटारिया ने सैलजा को 46941 मतों से पराजित कर दिया है।



    वहीं कालका विधानसभा क्षेत्र में कटारिया को कुल 72315 मत मिले, जबकि कुमारी सैलजा को 29863 मत मिले। कटारिया ने दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में पहले ही राउंड से बढ़त बना ली थी, जोकि आखिरी राउंड तक नहीं टूटी, एक भी राउंड में सैलजा कटारिया को नहीं पछाड़ पाई।

    उधर, पंचकूला में कांग्रेसियों को उम्मीद थी कि कालोनियों एवं गांवों में उन्हें अच्छी वोट मिलेगी, लेकिन इससे बिल्कुल उलट हुआ। शहरी मतदाताओं के अलावा कॉलोनी एवं ग्रामीण वोटर ने भी कटारिया और भाजपा पर भरोसा जताया है।
     
  • 3:30PM- हिसार में दुष्यंत ने मानी हार, भव्य निराश नजर आए
    हिसार में जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला ने अपनी हार मानते हुए भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र सिंह को जीत की बधाई दी। वहीं चुनावी रण में पहली बार उतरे कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई परिणामों को लेकर निराश नजर आए। मतगणना केंद्र से बाहर निकलते हुए वे बोले कि मोदी की लहर है, लोगों ने विकास को नहीं झूठ को वोट दिया है।
     
  • 1:30PM- हुड्डा ने मानी हार, बोले- लगता है काम कर गई मोदी लहर
    जिस प्रकार रूझान में भाजपा की जीत स्पष्ट दिख रही है, वहीं विपक्ष भी कहीं न कहीं खुद में ही हार मानता नजर आ रहा है। सोनीपत सीट पर कांग्रेस की ओर से खड़े किए गए उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, जो दिल्ली के रास्ते चंडीगढ़ वाया सोनीपत जाने का दावा करते थे, वे आज यह कहते हुए नजर आए कि लगता है मोदी लहर काम कर गई।

    उन्होंने मीडिया से कहा कि मोदी लहर काम कर गई है, हार जीत तो लगी रहती है, फिलहाल नतीजे शाम तक क्लियर हो पाएंगे। वहीं हुड्डा ने चुनाव आयोग और ईवीएम पर भी सवाल उठाएं हैं। गौरतलब है कि सोनीपत लोकसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार रमेश चंद्र कौशिक कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ लगातार बढ़त बना रहे हैं।
     
  • 1:00PM- दुग्गल ने विपक्ष पर कसा तंज, 'खिसियानी बिल्ली' से की तुलना
    बीजेपी के उम्मीदवार सुनीता दुग्गल ने कहा है कि सिरसा लोकसभा सीट से वे लाखों वोटों के अंतर से जीत हासिल करेंगी। वहीं कांग्रेस द्वारा ईवीएम पर सवाल उठाने पर उन्होंने कहा कि विपक्ष हारने के बाद 'खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे' वाली धारणा को सिद्ध कर रहे हैं। दुग्गल का कहना है कि इन लोकसभा चुनाव में जनता ने क्षेत्रीय दलों को नकारा है। हरियाणा में 10 की 10 सीटों पर कांग्रेस और बीजेपी का सीधा मुकाबला है।


     
  • 12:30PM- रोहतक सीट पर भाजपा प्रत्याशी अरविंद शर्मा को कांग्रेस प्रत्याशी दीपेन्द्र सिंह हुड्डा से मात खानी पड़ रही है। यहां पर दीपेन्द्र अब तक 8395 वोटों से लीड हासिल कर रहे हैं। वहीं फरीदाबाद लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी नवीन जयहिंद ने 12 बजे तक तीन हजार वोटों का आंकड़ा नहीं पार कर सके, जबकि पिछले चुनावों में 6 सौ वोट भी हासिल न कर पाने वाले उम्मीदवार मनधीर मान इस बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ा है, उन्होंने अब तक 15 हजार वोटों का आंकड़ा पार कर लिया। 


     
  • 11:50AM: रूझानों में भाजपा को मिल रही एक तरफा जीत से गुरूग्राम के कांग्रेस प्रत्याशी कै. अजय सिंह यादव बौखला गए हैं। वे मेवात में मतगणना के दौरान पुलिसकर्मियों से उलझ गए और पुलिस कर्मियों से धक्कामुक्की पर उतर आए। इस घटना क्रम का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।


     
  • 11:00AM- 11 बजे तक हुई काउंटिंग में अंबाला सीट पर रतन लाल कटारिया 51430 वोटों से, भिवानी से धर्मबीर सिंह वोटों 124797 से, फरीदाबाद से कृष्णपाल गुर्जर 59356 वोटों से आगे चल रहे हैं। उधर कुरूक्षेत्र में नायब सिंह सैनी 110736 वोटों से आगे चल रहे हैं, वहीं इनेलो उम्मीदवार अर्जुन चौटाला चौथे नंबर पर चल रहे हैं, जिन्हें 18191 वोट प्राप्त हुए। वहीं अपनी जीत का दावा करने वाले दीपेन्द्र हुड्डा भी रमेश कौशिक से 42464 वोटों से पीछे रह गए।
     
  • 10:00 AM- सुबह दस बजे तक के हुई मतगणना में भाजपा नौ सीटों पर लीड कर रही हैं, वहीं बाकी एक सीट पर कांग्रेस ने जगह बनाई। जहां हिसार सीट पर भाजपा प्रत्याशी 55083 को वोट मिले वहीं मौजूदा सांसद दुष्यंत चौटाला को 26022 वोट मिले हैं। उधर रोहतक में शुरूआत में दीपेन्द्र ने दम दिखाई, लेकिन बाद में भाजपा का पलड़ा भारी हो गया, यहां भाजपा प्रत्याशी अरविंद शर्मा को 43151 वोट मिले तो दीपेन्द्र सिंह हुड्डा को 41096 मिल सके।
     
  • 10:00 AM सुबह दस बजे तक सोनीपत सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमेश कौशिक को 28011 वोट हासिल हुए, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को 18542 वोट मिले। उधर, रोहतक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी दीपेन्द्र सिंह हुड्डा आगे 1896 वोटों से आगे चल रहे हैं, तो 16094 वोट मिले। अपने लोकसभा सीट के प्रत्याशियों के लाईव वोट काउंट जानने के लिए हमारे इस लिंक Election2019 पर विजिट करें।
     
  • 9:00 AM- पहले राउंड की मतगणना में अंबाला लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी को 3867 वोट, कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा को 3661 वोट मिले हैं। भिवानी महेन्द्रगढ़ सीट पर भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह को 5722 वोट, जेजेपी प्रत्याशी को 1494 वोट मिले हैं। 
     
  • 8:43 AM- सोनीपत लोकसभा सीट पर गन्नौर हल्के से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंदर हुडडा 207 वोट से आगे चल रहे हैं। सोनीपत खरखौदा से भी हुड्डा ही आगे हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी रमेश कौशिक सोनीपत राई हल्का व सफीदों विधान सभा हल्का में बीजेपी 5500 वोटों से आगे चल रहे हैं।
     
  • 8:30 AM- यमुनानगर में मतगणना केंद्र के अंदर जाने से पत्रकारों को रोका गया। यहां चुनाव आयोग के पहचान पत्र होने के बावजूद पत्रकारों को मतगणना केंद्र के अंदर जाने से रोका और कहा गया कि मीडिया कक्ष में ही बैठकर नतीजे की कवरेज ली जाए। जिससे यमुनानगर के पत्रकारों में नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने डीएवी स्कूल के बाहर रोष जताया।
     
  • 8:10 AM-  करनाल लोकसभा कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ काउंटिंग सेंटर एसडी मॉडल स्कूल पहुंचे। यहां वे अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि आज होने वाली काउंटिंग में उनकी अच्छे मार्जन से जीत होगी।


     
  • 8:05 AM- महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र की भिवानी में तोशाम, भिवानी, दादरी, बाढड़ा और लोहारू सहित पांच विधानसभा क्षेत्र की मतगणना शुरू हो चुकी है। यहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। मीडिया कर्मियों के लिए अलग से सेंटर बनाया गया है और मतगणना केंद्र तक मोबाईल आदि उपकरण पर बैन लगाया गया है। एजेंट, कर्मचारी केंद्र में पहुंचे। फोर्स द्वारा निर्धारित पहचान पत्र दिखाकर ही अंदर प्रवेश किया जा सकता है। भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा की चार सीट की मतगणना जिला महेंद्रगढ़ में की जा रही है।


     
  • 7:05 AM- भिवानी महेन्द्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि सुरक्षा के अच्छे प्रबन्ध हैं, वे अच्छे मार्जन से जीतेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में पक्ष और विपक्ष द्वारा मतगणना की शांति का माहौल बना रहेगा।
     
  • 6:00 AM:- करनाल में लोकसभा चुनाव को लेकर सुबह मतदान केंद्र एसडी शिक्षक संस्थान पर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिन कर्मचारियों की अंदर ड्यूटी लगी हुई है, उनकी गेट पर ही सख्ती से उनकी चेकिंग के बाद ही भेजा गया। हर लिहाज से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम चारों तरफ नजर आए।


70.35% हुआ था मतदान, फरीदाबाद में हुई थी बूथ कैप्चरिंग
हरियाणा में छठे चरण में 12 मई को हुए मतदान में प्रदेश के 1 करोड़ 80 लाख मतदाताओं में 70.35 प्रतिशत ने मतदान किया। चुनाव के बाद फरीदाबाद के असावटी गांव के बूथ नंबर 88 का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। इस वीडियो में यहां तैनात पोलिंग एजेंट गड़बड़ी करते नजर आया था। इस वीडियो को वायरल होने पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज करवाया था और आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया था। असावटी में 19 मई को फिर से मतदान हुआ था।

Shivam