हरियाणा विधान सभा में पहली बार मनाया भगवान परशुराम जन्मोत्सव, ज्ञानचंद गुप्ता ने स्टाफ के साथ डाली आहुति

punjabkesari.in Wednesday, May 08, 2024 - 07:46 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा विधान सभा सचिवालय के कर्मचारियों की ओर से बुधवार को विधान सभा सचिवालय में पहली बार भगवान परशुराम जन्मोत्सव मनाया गया है। इस अवसर पर सुबह हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने पूर्णाहुति दी। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। इससे पूर्व उन्होंने स्टाफ के साथ भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका पूजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंजाब विधान सभा के कर्मचारी भी शामिल हुए।

विधान सभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि धरती पर जब-जब भी अधर्म बढ़ता है, भगवान धर्म की स्थापना के लिए अवतरित होते हैं। भगवान ने परशुराम के तौर पर छठा अवतार धारण कर धरती से असुर प्रवृत्ति का खात्मा किया। भगवान परशुराम शस्त्र और शास्त्र के संतुलन की सबसे बेहतरीन मिसाल है। मानव समाज के विकास में भी उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कृषि को बढ़ावा देने के लिए न सिर्फ भूमि का सुधार किया, बल्कि समाज में इस व्यवसाय के प्रति गौरव का भाव भी विकसित किया। भगवान परशुराम ने अपने ज्ञान कौशल से विश्व के महानतम योद्धा तैयार किए। गंगा पुत्र भीष्म, द्रोणाचार्य और कर्ण उनके प्रमुख शिष्य रहे हैं।

ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि हरियाणा विधान सभा के स्टाफ की ओर से ऐसे अवतारी महापुरुष का जन्मोत्सव मनाया जाना सराहनीय प्रयास है। ऐसा करने से कर्मचारियों में आपसी भाईचारे की भावना सुदृढ़ होगी। यहां आयोजित हवन-यज्ञ में स्टाफ की कार्यक्षमता में वृद्धि और परस्पर सहयोग की भावना मजबूत करने की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर विस अध्यक्ष के सचिव डॉ. पुरुषोत्तम दत्त, अपर सचिव नरेन दत्त, उपसचिव गौरव गोयल, दिनेश कौशिक, अवर सचिव पुष्पेंद्र हुड्‌डा, कंवर सिंह, प्रदीप कौर, एसएसए सुनील नैन, मीडिया एवं संचार अधिकारी दिनेश कुमार, एईओ संदीप कुमार, एलओ कुलबीर सिंह आदि उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Nitish Jamwal

Recommended News

Related News

static