घरेलू हिंसा के हत्थे चढ़ गई लव मैरिज, पति ने पत्नी को पीटकर घर के बाहर फेंका

8/1/2020 10:24:57 PM

भिवानी (अशोक): तकरीबन चार साल पहले जिस युवती ने लव मैरिज कर अपना घर बसाया था, आज वहीं घरेलू हिंसा का शिकार बन गई। चार साल पहले जिस युवक ने युवती के साथ जिंदगी बिताने के वादे किए थे, वहीं आज उसकी जान लेने पर उतारू हो गया। जबकि दंपत्ति को दो संतानें भी हैं।

मामला भिवानी जिले का है, जहां एक युवती ने अपनी पढ़ाई के दौरान एक युवक से प्यार किया। प्यार के दोनों ने घर बसाने का फैसला लिया, लेकिन जाति आड़े आई तो दोनों ने दिल्ली कोर्ट में जाकर विवाह कर लिया। विवाह के बाद कुछ समय तो ठीक रहा।  लेकिन आरोप है कि कुछ दिनों बाद युवक ने मारना पीटना शुरू कर दिया। युवती को उसके पति ने ना केवल पीटा बल्कि उससे जबरदस्ती सुसाइड नोट भी लिखवा लिया। पिटाई से घायल युवती का अब भिवानी के चौधरी बंसीलाल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, भिवानी जिले के गांव धरनवास निवासी शर्मिला का विवाह गांव ढाब ढाणी निवासी अमित के साथ हुआ था। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद पहले सब कुछ ठीक चला लेकिन अब आरोप है कि अमित शर्मिला के साथ मारपीट करता था। 24 जुलाई को शर्मिला व उसके पति के साथ विवाद हुआ। शर्मिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे मारपीट कर घर से बाहर फेंक दिया। जब उसे होश आया तो वह सरपंच के घर पर थी। सरपंच के फोन से उसने जुई थाने में सूचना दी। पुलिस ने शर्मिला को हॉस्पिटल पहुंचाया।

शर्मिला ने बताया 15 अक्टूबर 2016 को उनका विवाह कोर्ट में हुआ था। विवाह के बाद से लगातार उसके साथ मारपीट होती रही है। घर टूटे नहीं इसलिए वह सब सहन करती रही। शादी के बाद उसके 2 बच्चे भी हुए। अब मारपीट इतनी बढ़ गई कि उससे जबरदस्ती सुसाइड नोट भी लिखवा लिया। उसने अब इस मामले की शिकायत जुई थाने में की है। फिलहाल शर्मिला घायल अवस्था मे हॉस्पिटल में भर्ती है।

वहीं डीएसपी वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत आई है। मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि परिजन उनसे मिले थे। मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा है।

Shivam