मलिक पर हमले के विरोध में महापंचायत, जाटों ने किया सूबे सिंह समैण का बहिष्कार

8/20/2017 3:56:22 PM

टोहाना (सुशील सिंगला):टोहाना के समैण गांव में यशपाल मलिक पर हुए हमले के बाद जाट फिर से दो फाड़ होने लगे हैं। मलिक पर हमले के आरोप में पुलिस पहले ही 100 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है और इस मामले में टोहाना के कन्हड़ी गांव में 52 गांवों के जाटों ने महापंचायत की। इस महापंचायत में जाटों ने सूबे सिंह समैण का बहिष्कार करने का फैसला किया है। पुलिस ने मलिक पर हमले के आरोप में सूबे सिंह समैण पर भी मामला दर्ज किया था और आरोप ये भी लगे थे कि समैण ने ही मलिक पर हमला कराया था। 

हालांकि इन आरोपों पर पुख्ता तौर पर फिलहाल कुछ भी नहीं कहा जा सकता लेकिन जाटों ने इस मामले में महापंचायत कर समैण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कन्हड़ी गांव में हुई महापंचायत में जाटों ने फैसला लिया है कि उनके किसी भी शादी समारोह में सूबे सिंह समैण को शामिल नहीं किया जाएगा और उनका जाटों के सभी सामाजिक कार्यक्रमों से बहिष्कार किया जाएगा। 

ये महापंचायत करीब 4 घंटों तक चली और इसमें मलिक के समर्थन और समैण के खिलाफ जाटों का नजरिया खुलकर सामने आया। मलिक पर हमले के विरोध में कन्हड़ी गांव में जाटों ने सड़क जाम कर दी थी जिसके बाद की जाटों पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। आज की महापंचायत में जाट नेताओं ने उन मुकद्दमों को वापस लेने की भी मांग की।