चीन जाएंगे महावीर फौगाट, विदेशी खिलाड़ियों को सिखाएंगे कुश्ती के गुर

12/14/2017 4:31:00 PM

चरखी दादरी(प्रदीप साहू): अर्जुन अवार्डी व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी फौगाट बहनों के पिता महावीर फौगाट अब विदेशी महिला खिलाड़ियों को भी कुश्ती के गुर सिखाएंगे। महावीर फौगाट अगले वर्ष मई माह में चीन जाएंगे और कुश्ती को प्रमोट करेंगे। इसके लिए उनके पास कई कंपनियों के निमंत्रण भी आए हैं।कॉमनवेल्थ खेलों के बाद चाइना जाने का कार्यक्रम लगभग तय हो चुका है। उन्हें यह निमंत्रण उनकी बेटियां गीता, बबीता, रीतु, विनेश व संगीता के अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान कायम करने के बाद मिला है। 

चरखी दादरी में चीन के इवेंट मैनेजमेंट ग्रुप मीडिया के प्रतिनिधिमंडल ने बलाली गांव का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बलाली बहनों के अखाड़े का निरीक्षण किया और यहां दिए जाने वाले प्रशिक्षण के बारे में बारीकी से जानकारी ली। साथ की चीनी मीडिया ने उन्हें चीन आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने गांव में ग्रामीणों से बात की और बलाली बहनों की उपलब्धियों को लेकर बात की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि महावीर फोगाट को चाइना में इंडिया के सबसे लोकप्रिय व्यक्ति के रूप में जाना जाता है। वहां ताइक्वांडो और योगा के बाद अब खासकर लड़कियों में कुश्ती को लेकर रूचि बढ़ रही है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी फौगाट बहनों को चाइना की लड़कियां सुपर स्टार के रूप में मानती हैं। साथ ही फौगाट बहनों के प्रशिक्षक महावीर फौगाट से वहां की लड़कियां कुश्ती के गुर सिखना चाहती हैं इसलिए उनको चीन आने का निमंत्रण देने वे यहां पहुंचे हैं।

कॉमनवेल्थ खेलों के बाद जाने का कार्यक्रम
महावीर फौगाट ने बताया कि फिलहाल उनकी बेटियों को कॉमनवेल्थ खेलों की तैयारियां करवा रहे हैं। ताकि चारों बेटियां कॉमनवेल्थ में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करें। महावीर फौगाट ने बताया कि चाइना में कुश्ती को प्रमोट करने के लिए कई देशी-विदेशी कंपनियों का निमंत्रण मिला है। कॉमनवेल्थ खेलों के बाद वे चाइना जाने का कार्यक्रम बना रहे हैं। अगले वर्ष अपै्रल मध्य या मई माह में वे चाइना जाएंगे। 

देशी धरती पर विदेशी पहलवानों को सिखाएंगे गुर
महावीर ने बताया कि विदेशों से उसके खिलाड़ी व कई लोग पहुंचे हैं। उन्होंने उनकी विदेशी बेटियों को यहीं उनके देशी अखाड़े में कुश्ती के गुर सिखाने की बात कही है। अब वेे अपनी बेटियों के साथ विदेशी महिला खिलाड़ियों को भी अपने देशी अखाड़े में कुश्ती की ट्रेनिंग की योजना बना रहे हैं। गांव बलाली में उनके घर व हिसार के चौधरीवास में स्थापित कुश्ती एकेडमी में वे देशी लड़कियों के साथ-साथ विदेशी लड़कियों को भी कुश्ती की ट्रेनिंग देंगे। 

चाइना के लोग प्यार से शे जो पा पा बुलाते हैं
चाइना से आए इवेंट मैनेजमैंट ग्रुप मीडिया के सदस्यों ने खुुलासा किया कि द्रोणाचार्य अवार्डी महाबीर फौगाट को चाइना में लोग प्यार से शे जो पा पा कहकर बुलाते हैं। चीन में दंगल फिल्म एक सर्पोट्स आधारित फिल्म होने के कारण अत्यंत लोकप्रिय है। चीन में आज के दिन महाबीर फौगाट लोकप्रियता की बुलंदी के शिखर पर हैं।

चीन में 22 सौ करोड़ का कारोबार कर चुकी है दंगल 
प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों के अनुसार चाइना में महाबीर फौगाट को लोग घुमता हुआ देख लें तो वहां 5 मिनट में एक लाख से अधिक की भीड़ इक्टठी हो सकती है। दंगल फिल्म चीन में 2200 करोड रुपए का कारोबार कर चुकी है। चीन के कई लोगों ने तो इस फिल्म को बार बार देखा है।