महेंद्र ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, फेसबुक फ्रेंड ही निकला हत्यारा, किया गिरफ्तार

11/29/2018 10:38:10 AM

गुडग़ांव(सतीश राघव): गुडग़ांव पुलिस ने महेंद्र वर्मा ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस हत्याकांड को पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस इसलिए भी बताया है कि हत्याकांड से जुड़े कोई भी तथ्य नहीं मिले थे और जिस पर शक जताया गया था, उसका भी इस हत्याकांड से कोई वास्ता नहीं था। फिलहाल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियुक्त पंजाब के फिरोजपुर का रहने वाला है और फेसबुक पर उसकी मृतक महेंद्र से दोस्ती हुई थी। उसकी पहचान राजविंदर उर्फ राजा के रुप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को पता चला कि मृतक की लाइसेंसी पिस्टल भी गायब थी जो वह हमेशा अपने पास रखता था। मामले की तफ्तीश करते हुए सैक्टर-10 अपराध शाखा प्रभारी दीपक कुमार की टीम ने हत्याकांड के तीन हफ्ते बाद राजविंदर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, पूछताछ में राजविंदर ने बताया कि मृतक महेंद्र से उसकी दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई थी और इस कारण उसका मृतक के घर आना जाना था। पुलिस के अनुसार इस वारदात के दौरान उसके साथ तीन अन्य लोग भी हैं, जिनके बारे में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।


 पुलिस का दावा है कि अन्य अभियुक्तों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आपको बता दें कि बीते 4 नवम्बर की रात ज्योति पार्क निवासी महेंद्र वर्मा का शव स्कार्पियो में पाया गया था। शरीर पर गोली लगने के निशान थे। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया था।
 

Deepak Paul