महेंद्रगढ़ में पत्नी से बातचीत करने पर युवक को किडनैप कर पीटा, उपचार के दौरान हुई मौत
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 10:24 AM (IST)
महेंद्रगढ़ (प्रदीप बालरोडिया) : महेंद्रगढ़ के गांव गुढ़ा निवासी युवक को बुधवार को कुछ युवकों ने किडनैप कर मारपीट की। इसमें गुढ़ा निवासी दिनेश शर्मा (33) की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पहले घर पर फोन कर दिनेश पर उनकी पत्नी के साथ बातचीत का आरोप लगाया और मारपीट करने की धमकी दी।
मृतक की बहन नीतू ने बताया कि दिनेश महेंद्रगढ़ स्थित एक गोल्ड लोन ब्रांच में काम करता था। 15 अप्रैल को शाम 4 बजे उनके पास दिनेश के फोन से फोन आया। इसमें आरोपी ने कहा कि दिनेश उनकी पत्नी से बात करता है। अब मैं उसको तोड़ दूंगा या जान से मार दूंगा। इस दौरान दिनेश के रोने की और कुछ युवकों के मारपीट करने की आवाज आ रही थी। बाद में आरोपी ने छोड़ने की बात कहकर फोन काट दिया। इसके बाद वे दिनेश की तलाश में जुट गए। रात के समय वे शहर थाना पुलिस के पास पहुंचे। यहां पर उन्होंने पुलिस से लोकेशन निकलवाई। इसके बाद रात ढाई बजे पुलिस ने सूचना दी कि दिनेश का शव बूचावास स्टेशन के पास मिला है और इसको महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में भेज रहे हैं। वीरवार सुबह 7 बजे वे अस्पताल में पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। परिजनों ने एक महिला समेत अन्य लोगों पर दिनेश की हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन
दिनेश की हत्या से आक्रोशित परिजन व ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। गुस्साएं ग्रामीण पुलिस थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। जिस पर पुलिस प्रशासन ने टीमों गठन किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)