शादी समारोह से लौट रहे महिंद्रा क्रूजर व ट्रक की भिड़ंत, 15 बाराती घायल, 1 की मौत (Pics)

2/25/2017 10:47:55 AM

अम्बाला (कमलप्रीत):साहा में शादी समारोह में शिरकत करके वापस करनाल जाते वक्त महिंद्रा क्रूजर और ट्रक की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में महिंद्रा क्रूजर में सवार 15 बाराती बुरी तरह से घायल हो गए, जिन्हें साहा पुलिस द्वारा छावनी के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार कर 7 घायलों को पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया। इनमें से एक व्यक्ति (चालक) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। साहा पुलिस ने ट्रक और क्रूजर गाड़ी को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया और घायलों के बयान पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

बाराती प्रमोद ने बताया कि वह सुबह करनाल के गांव सालवन से अम्बाला के गांव साहा में प्रवीण की शादी में आए थे। 12 बजे साहा पहुंचने के बाद नाच-गाकर और खाना खाकर करनाल के लिए करीब साढ़े 3 बजे वापिस जाने के लिए निकले थे। प्रमोद ने बताया कि उनकी गाड़ी आगे थी। जैसे ही वह शाहाबाद मोड़ पर पहुंचे तो घायल उज्ज्वल का फोन आया कि उनकी गाड़ी की भिड़ंत हो गई है। इसके बाद गाड़ी वापिस लेकर अम्बाला नागरिक अस्पताल पहुंचे और अपने साथियों का इलाज करवाया। जहां से 7 घायलों को डाक्टरों ने पी.जी.आई. रैफर कर दिया।