शामली एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन से टकराई पाइलिंग मशीन, 1 कर्मचारी की मौत, 1 झुलसा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 11:16 AM (IST)

अम्बाला: कालपी क्षेत्र के पास शामली एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पाइलिंग के काम में लगी मशीन के अचानक हाईटेंशन बिजली के तारों की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

 जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को कर्मचारी शामली एक्सप्रेस-वे के पास पाइलिंग का काम कर रहे थे। उसी दौरान मशीन को ऊपर करते समय उसका ऊपरी हिस्सा पास से गुजर रही हाईटेंशन तार से टकरा गया। तार टकराते ही पूरी मशीन में अचानक तेज करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी राजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी रामलखन गंभीर रूप से झुलस गया।
 
हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत दोनों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। झुलसे हुए युवक रामलखन को तुरंत इलाज के लिए कैंट नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक राजेश के परिजन देर रात अस्पताल पहुंचे। राजेश के भाई उपदेश ने रोते हुए बताया कि राजेश अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

सूचना मिलते ही साहा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। साहा थाना प्रभारी धर्मबीर ने बताया कि हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static