नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, होटलों को किया सील, नहीं किया था ये काम

1/18/2020 3:40:40 PM

रोहतक(दीपक): नगर निगम की तरफ प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करवाने की सूरत में होटलों पर बड़ी कार्रवाई की गई। निगम की तरफ से टीम ने शीला बाईपास स्थित होटलों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील करने का काम किया। वहीं विजय नगर में चल रही एक फैक्टरी के खिलाफ सी.एम. विंडो पर की गई शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे सील किया गया। इस दौरान टीम के साथ भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा।

नगर निगम की तरफ से प्रोपर्टी टैक्स जमा न करवाने के मामले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सी.एम. विंडो से आई एक शिकायत के आधार पर नगर निगम ने विजय नगर स्थित एक फैक्टरी को सील करने का काम किया। निगमायुक्त के निर्देशानुसार भू-अधिकारी जगदीश शर्मा के नेतृत्व में टीम फैक्टरी पहुंची और उसे सील करने का काम किया। इसके बाद टीम शीला बाईपास पहुंची और वहां चल रहे होटलों के खिलाफ कार्रवाई करनी शुरू कर दी। उन्होंने एक के बाद एक होटलों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील करने का काम किया। नगर निगम की टीम के साथ पुलिस बल होने के कारण लोगों द्वारा विरोध करने के बाद भी कार्रवाई जारी रही और होटलों को सील किया गया।

2-3 बार दिया जा चुका था नोटिस
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रोपर्टी टैक्स जमा करवाने के कारण होटलों पर कार्रवाई की गई है। इससे पहले होटल संचालकों को 2-3 बार नोटिस दिया गया था कि वह अपना टैक्स जमा करवा दें। नोटिस देने के बावजूद होटल संचालकों ने उसे गम्भीरता से नहीं लिया, जिसके चलते उन्हें विवश होकर होटलों को सील करने का काम करना पड़ा। निगम की तरफ से 6 होटल व दुकानों को सील किया गया है।  

इन होटलों को सील करने का किया काम 
नगर निगम की तरफ से शीला बाईपास स्थित होटल अल्का, शक्ति मोटर्स कार वाशिंग, होटल ईशान, मार्बल की दुकान कजारिया एम्बीशियन को सील करने का काम किया गया। इसके साथ ही विजय नगर स्थित एक फैक्टरी पर भी ताला जड़ा गया। 

प्रदीप गोदारा, निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम की तरफ से समय-समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। आज कुछ जगहों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया गया है। आगे भी निगम की तरफ से इस प्रकार का अभियान जारी रहेगा।

Edited By

vinod kumar