10वीं की परीक्षा में बड़ा एक्शन! हिसार में 2 डिप्टी सुपरिटेंडेंट समेत 6 टीचर सस्पेंड, जानें पूरा मामला
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 01:54 PM (IST)
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में संचालित करवाई गई 10वीं कक्षा की पंजाबी व संस्कृत व्याकरण विषय की परीक्षा में नकल के 6 मामले पकड़े। इनमें प्रतिरूपण का 1 केस शामिल है। शुक्रवार को परीक्षा में प्रदेशभर के 41 परीक्षा केंद्रों पर 7,966 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए। बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि निरीक्षण में हिसार के केंद्रों पर नकल के 5 केस पकड़े।
इनमें 1 प्रतिरूपण का केस है। परीक्षा केंद्र सीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हिसार-03 पर नियुक्त उप-केंद्र अधीक्षक दलजीत सिंह, पीजीटी अंग्रेजी, रा.व.मा.वि. घुरसाल व चरण सिंह, पीजीटी गणित, रा.व.मा. वि. किनाला को परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया।
परीक्षा केंद्र रा.व.मा.वि. पटेल नगर, हिसार-11 पर नियुक्त पर्यवेक्षक मोनिका, पीजीटी कॉमर्स, सुमन बाला, पीजीटी राजनीति विज्ञान, कपिला रानी, पीजीटी गणित एवं गुरमीत, टीजीटी म्यूजिक को भी ड्यूटी में कोताही बरतने पर कार्यभार मुक्त किया गया। जींद के परीक्षा केंद्र पर अनुचित साधन प्रयोग का एक मामला दर्ज किया गया।