पानीपत में बड़े फर्जीवाड़े के खुलासे से मचा हड़कंप, पार्षद के फर्जी साइन और मोहर बन रहे थे सरकारी कागज, 4 CSC संचालकों पर केस
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 02:27 PM (IST)
पानीपत : पानीपत में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। यहां वार्ड-6 की भाजपा पार्षद कोमल पांचाल के नाम पर चल रही एक बड़ी गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ है। बताया जा रहा है कि नूरवाला और तहसील कैंप क्षेत्र में कुछ कंप्यूटर सेंटर संचालक (CSC) पार्षद की फर्जी मोहर और जाली हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर सरकारी दस्तावेज तैयार कर रहे थे।
मामला तब सामने आया जब डोमिसाइल से संबंधित कुछ फाइलें लेकर पार्षद कोमल पांचाल के पास पहुंची। पार्षद ने जब दस्तावेजों की जांच की तो पाया कि फाइलों पर उनके नाम की मोहर और हस्ताक्षर पहले से लगे हुए थे, जबकि उन्होंने किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। यह देखकर पार्षद हक्की बक्की रह गई। तुरंत पार्षद ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के आदेश पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि सतपाल नामक एक व्यक्ति आवेदकों को अलग-अलग सीएससी केंद्रों पर ले जाता है। इनमें नूरवाला और तहसील कैंप क्षेत्र के कंप्यूटर सेंटर संचालक कमलजीत कौर, सौरव और शर्मा का नाम सामने आया है।
आशंका जताई जा रही है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और सैकड़ों लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा चुके हैं। पार्षद कोमल पांचाल ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने दस्तावेज उनके नाम और फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर जारी किए गए हैं। फिलहाल इस मामले की गंभीरता से जांच शुरु कर दी गई है।