Sirsa:  अफीम घोटाले में बड़ा खुलासा, बर्खास्त ASI रणबीर सिंह की काली करतूत आई सामने...

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 01:58 PM (IST)

सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले में हुए बहुचर्चित अफीम घोटाले में विशेष जांच दल (SIT) की तफ्तीश के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मामले की जांच कर रही हिसार एसआईटी ने केस के मुख्य आरोपी और बर्खास्त एएसआई (ASI) रणबीर सिंह की निशानदेही और गहन जांच के बाद उसी ट्रक से 10 किलोग्राम अतिरिक्त अफीम बरामद की है, जिसे आरोपी पुलिसकर्मी अपने फायदे के लिए हड़पने की फिराक में था।

इस नई बरामदगी के साथ ही इस पूरे केस में जब्त की गई कुल अफीम की मात्रा अब करीब 1 क्विंटल (लगभग 100 किलोग्राम) तक पहुंच गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

SIT की जांच के पहले ही दिन हुआ बड़ा खुलासा
10 जून को सिरसा पुलिस ने एक ट्रक को कब्जे में लेकर उसमें बने विशेष बॉक्स को काटकर 88 किलो 970 ग्राम अफीम बरामद की थी। इस केस की शुरुआती जांच डिंग थाना में तैनात एएसआई रणबीर सिंह को सौंपी गई थी।

एसआईटी की हालिया जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी एएसआई ने ट्रक की पूरी तरह चेकिंग नहीं की थी और बची हुई अफीम को खुद खुर्द-बुर्द (हड़पने) करने की योजना बनाई थी। एसआईटी इंचार्ज मयंक मुदगिल की अगुवाई में जब जांच टीम ने आरोपी के रिमांड के दौरान दोबारा छानबीन की, तो ट्रक ड्राइवर की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 10 किलो अफीम की यह अतिरिक्त खेप बरामद हुई।

ऐसे खुली थी खाकी को दागदार करने वाले ASI की पोल
इस पूरे ड्रग स्कैंडल का पर्दाफाश तब हुआ जब पड़ोसी जिले फतेहाबाद की पुलिस ने शमशेर सिंह नाम के एक तस्कर को अफीम के साथ पकड़ा। जब पुलिस ने शमशेर से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसे यह अफीम किसी और ने नहीं बल्कि सिरसा के जांच अधिकारी (ASI) रणबीर सिंह ने दी थी।

अदालत परिसर में किया था सौदा: जांच में सामने आया कि आरोपी एएसआई रणबीर सिंह जब जब्त अफीम का कोर्ट में सैंपल भरवाने ले गया था, ठीक उसी दौरान उसने खेल करते हुए अफीम का कुछ हिस्सा निकालकर अपने दोस्त शमशेर को सौंप दिया था। आरोप पुख्ता होते ही सिरसा के एसपी ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी एएसआई रणबीर सिंह को तुरंत प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया और उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।

जांच का दायरा बढ़ा, कई और पुलिसकर्मी रडार पर
अदालत ने आरोपी पूर्व एएसआई रणबीर सिंह का पुलिस रिमांड बढ़ा दिया है। एसआईटी का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों को गायब करने और उसे ठिकाने लगाने के इस खेल में महकमे के कुछ अन्य कर्मचारी या बड़े चेहरे भी संलिप्त हो सकते हैं। एसआईटी ने साफ किया है कि इस मामले में खाकी को बदनाम करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static