मलेशिया युवक मर्डर मामला: रविवार को भारत अाएगा विकास का शव

12/9/2017 2:24:26 PM

कैथल(सुखविंद्र):करीब 11 माह पहले मलेशिया गए गांव तारागढ़ निवासी युवक विकास की हत्या की घटना के बाद अब परिजन उसके शव को इंडिया लाने के लिए एम्बेसी के चक्कर लगा रहे हैं। 2 दिन पहले गांव तारागढ़ के लोग सांसद दुष्यंत चौटाला से मिले थे। चौटाला ने विदेश राजयमंत्री वी.के. सिंह से इस बारे में ग्रामीणों की मदद करने की अपील की थी। इसके बाद कुछ ग्रामीण आज कागजात लेकर एम्बेसी पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि मलेशिया में रह रहे सिख युवक बिट्टू रंधावा, मृतक विकास का शव इंडिया पहुंचाने के लिए मदद कर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार विकास का शव मलेशिया से 10 दिसम्बर की रात्रि 10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच जाएगा। उसके बाद गाड़ी से विकास का शव गांव तारागढ़ में लाया जाएगा और 11 दिसम्बर को विकास का अंतिम संस्कार किया जाएगा। जानकारी अनुसार मलेशिया में विकास व एक अन्य सिख युवक की गत 2 दिसम्बर को तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। विकास मलेशिया में लोहे की एक फैक्टरी में काम करता था। रोजाना की तरह गत 2 दिसम्बर को वह सायं को जब गुरमीत के साथ फैक्टरी में पहुंचा तो गेट पर पहुंचते ही अज्ञात युवकों ने दोनों पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।