विजिलेंस का डर दिखाकर अधिकारियों से पैसे ऐंठने वाला आरोपी काबू, पूर्व SHO को भी करवा चुका गिरफ्तार

12/8/2022 6:29:35 PM

कैथल(जयपाल): जिले के चीका कस्बे में पुलिस ने विजिलेंस का डर दिखाकर अधिकारियों को ऐंठने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि आरोपी चांद राम को कुछ समय पहले ही विजिलेंस के डीआईजी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया था। कुछ महीने पहले आरोपी ने चीका के पूर्व एसएचओ को रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार करवाया था। वहीं अब नगरपालिका के सचिव की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

नगर पालिका के सचिव की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला

 

दरअसल बीती 5 दिसंबर को ही नगर पालिका चीका के सचिव धर्मवीर सिंह ने आरोपी चांद राम के खिलाफ चीका थाने में एक शिकायत दी थी, जिसमें आरोपी चांद राम पर नगरपालिका कार्यालय में अपने बेटे को नौकरी लगवाने व विजिलेंस की धमकी देकर सचिव से दो लाख रुपए मांगने के आरोप लगाए गए थे। इस शिकायत के आधार पर चीका पुलिस ने आरोपी चांद राम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और मामले से संबंधित पूछताछ के लिए कोर्ट से 3 दिन का रिमांड हासिल किया है।

 

 

सचिव के अनुसार हाथ लाल कर फंसाने की धमकी देकर मांगे रूपए

 

पुलिस को दी गई शिकायत में सचिव धर्मबीर ने बताया था कि दो दिसंबर को उसके कार्यालय में नगरपालिका चीका का पूर्व पार्षद चांद राम आया था। उसने कार्यालय में आते ही कहा कि उसे रंगे हाथ गिरफ्तार करवाने के लिए पार्षद तरसेम ने उसे पांच लाख रुपये का ऑफर दिया हुआ है। आरोपी ने सचिव को कहा कि तरसेम ने दो लाख रुपये एडवांस भी दे रखे हैं। इसके बावजूद उसने अभी तक सचिव के हाथ लाल नहीं करवाए हैं। चांद राम ने कहा कि अब तरसेम सिंह सचिव की गिरफ्तार नहीं होने के चलते उसके पैसे ब्याज सहित वापस मांग रहा है। इसके बाद आरोपी चांद राम ने सचिव को धमकी दी कि उसके कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर मामराज से उसने क्लर्क की नौकरी पक्की करवाने के लिए दो लाख रुपये लिए थे, लेकिन वह उसे पक्का नहीं करवा पाया और क्लर्क ने उसके ऊपर मामला दर्ज करवा रखा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने मांग की है कि वह दो लाख रुपये उसके क्लर्क को दे दे। साथ ही आरोपी के छोटे बेटे को नगरपालिका में नौकरी पर लगवा दे। अगर उसने जल्द ही ऐसा नहीं किया तो वह उसके विजिलेंस से लाल हाथ करवा देगा।

 

पूर्व एसएचओ की गिरफ्तारी को लेकर भी उठने लगे सवाल

 

कुछ महीने पहले ही आरोपी ने चीका के पूर्व एसएचओ जयवीर शर्मा को 5 हजार रूपए के साथ विजिलेंस के सामने रंगे हाथ गिरफ्तार करवाया था। उस घटना के बाद जिले के हजारों लोग एसएचओ के पक्ष में सड़कों पर उतर आए थे। लोगों ने  एसएचओ पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया था। हालांकि रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किए गए एसएचओ को जेल  भी जाना पड़ा था। अब चांद राम की गिरफ्तारी होने के बाद यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या आरोपी चांद राम ने किसी साजिश के तहत पूर्व एसएचओ जयवीर को रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार करवाया था। दरअसल इस मामले में विजिलेंस द्वारा एसएचओ से कोई भी पैसों की बरामद नहीं हुई थी। माना जा रहा है कि तीन दिन के रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ में कई बड़े खुलासे भी हो सकते हैं।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       

Content Writer

Gourav Chouhan