घरेलू विवाद में महिला पर एसिड अटैक, आरोपित पति फरार

2/29/2024 8:22:17 PM

गुड़गांव, (ब्यूरो): पालम विहार एरिया में एक महिला पर दिन दहाड़े नकाबपोश ने एसिड से अटैक कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला को तड़पता देखकर लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना देते हुए महिला को सेक्टर-10 सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया है।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

वहीं, मामले में पालम विहार पुलिस ने पीडि़ता के भतीजे की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है।
पुलिस के मुताबिक महिला चार महीने से गांव चौमा में रहती है। उसका अपने पति से काफी समय से विवाद चला आ रहा है। जिसके कारण महिला घरों में मेड का काम करती है और अपना व बच्चों का पालन पोषण करती है।

 

बताया जा रहा है कि शाम के वक्त महिला घरों में काम खत्म कर वापस अपने घर जा रही थी। जब वह अंसल मॉल के पास पहुंची तो अचानक नकाबपोश आया और पीछे की तरफ से उस पर कोई ज्वलनशील एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। महिला अभी कुछ समझ पाती कि उसके कपड़े जलने लगे और एसिड के कारण उसके शरीर पर जलन होने लगी जिसके बाद महिला ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोग एकत्र हुए और महिला पर पानी डालते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी।


मामले में एसीपी उद्योग विहार नवीन का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का अपने पति से विवाद चला आ रहा है। महिला पति की दूसरी पत्नी है। कई दिनों से चला आ रहा विवाद इतना बढ़ गया था कि महिला अपने बच्चों के साथ चार महीने से गांव चौमा में आकर रहने लगी थी। फिलहाल महिला के भतीजे ने पुलिस को शिकायत दी है। वहीं, महिला ने भी अपने पति पर ही वारदात को अंजाम देने का शक जताया है। महिला का पति भी वारदात के बाद से फरार है जिसके कारण शक पुख्ता होता जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों को गठित किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Content Editor

Pawan Kumar Sethi