नौकरी से निकालने की रंजिश, दोस्त को पीजी में बुलाया, बेहोश होने तक बेल्ट से पीटा

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 08:30 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना की अंबेडकर कॉलोनी के रहने वाले 21 वर्षीय अमन के साथ उसके ही दोस्त व सहकर्मी नवीन ने बर्बरतापूर्वक मारपीट की है। नौकरी से निकाले जाने की रंजिश में आरोपी नवीन ने पीड़ित को अपनी बातों में फंसाकर अपने पीजी (कमरे) पर बुलाया और कमरा बंद करके उसे बेल्ट तथा लात-घूसों से तब तक पीटता रहा जब तक कि वह बेहोश नहीं हो गया। पुलिस ने पीड़ित के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी नवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, अमन ने शिकायत में बताया कि ग्लोबल हाइट सोसाइटी में प्लंबिंग का काम करता है। नौ जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपने घर से ड्यूटी के लिए निकल रहा था। रास्ते में एलडीको सोसाइटी के पीछे उसे उसका दोस्त नवीन मिला, जो पहले उसी के साथ काम करता था। नवीन ने अमन को झांसे में लिया और कहा कि साथ में खाना खाकर ड्यूटी चले जाना। अमन उसकी बातों में आ गया और उसके साथ बंद कॉलोनी स्थित उसके पीजी रूम चला गया।

 

कमरे के अंदर पहुंचते ही नवीन ने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोपी ने अमन पर आरोप लगाया कि उसकी अमन की वजह से ही कंपनी ने उसे नौकरी से निकाला है। इसके बाद आरोपी आग बबूला हो गया और अमन पर जानलेवा हमला कर दिया। नवीन ने अमन को जान से मारने की धमकी देते हुए लात-घूसों और बेल्ट से तब तक बेरहमी से पीटा, जब तक अमन बेहोश नहीं हो गया।

 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नवीन, पीड़ित को मरणासन्न हालत में कमरे में छोड़कर फरार हो गया। 10 जुलाई को अमन की तबीयत अचानक अत्यधिक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत सोहना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार और चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सेक्टर-10 स्थित गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम वारदात के स्थान का मुआयना कर चुकी है और आरोपी नवीन की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

static